राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर कुम्हारी में जागरूकता शिविर, लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता और अधिकारों की दी गई जानकारी..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर 9 नवंबर को बरमकेला थाना अंतर्गत ग्राम कुम्हारी में मंदिर के पास जागरूकता शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के आदेशानुसार आयोजित इस शिविर में पैरालीगल वालेंटियर (PLV) मधुसुदन वर्मा और यशवंत पटेल ने लोगों को बताया कि न्याय पाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और आर्थिक तंगी, गरीबी या अशिक्षा किसी के न्याय पाने में बाधा नहीं बननी चाहिए।

Join WhatsApp Group Click Here

आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर भी मिलेगा मुफ्त वकील

शिविर में बताया गया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति पैसे की कमी या जानकारी के अभाव में न्याय से वंचित न रहे। पात्र लोगों को सरकार की ओर से निःशुल्क वकील, कानूनी सलाह और न्यायालय में मुकदमा लड़ने के लिए सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंदों को विशेष कानूनी सहायता

पैरालीगल वालेंटियर ने बताया कि महिलाओं और बच्चों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों, दिव्यांगजनों, मजदूरों, जेल या हिरासत में बंद लोगों, बेगार एवं मानव तस्करी के पीड़ितों तथा निर्धारित आय सीमा से कम वार्षिक आय वाले पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता मिल सकती है। शिविर में वार्षिक आय 1.50 लाख रुपये से कम होने पर मिलने वाली सहायता की जानकारी भी दी गई।

घरेलू हिंसा से लेकर जमीन विवाद तक में मिलेगी मदद

ग्रामीणों को समझाया गया कि मारपीट, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, मजदूरी का भुगतान नहीं होना, जमीन संबंधी विवाद, धोखाधड़ी, साइबर ठगी, बाल विवाह और बाल मजदूरी जैसे मामलों में विधिक सेवा प्राधिकरण से मदद ली जा सकती है। इसके साथ ही थाने में शिकायत दर्ज कराने, FIR, गिरफ्तारी, जमानत और पुलिस कार्रवाई के दौरान नागरिकों के कानूनी अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई।

टोल फ्री नंबर 15100 पर मिलेगी कानूनी जानकारी

शिविर में लोगों को बताया गया कि निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ और तालुका विधिक सेवा समिति में भी सहायता ली जा सकती है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करने की सलाह दी गई।

लोक अदालत और मध्यस्थता से विवादों का समाधान

ग्रामीणों को लोक अदालत और मध्यस्थता के माध्यम से आपसी विवादों का शीघ्र एवं सरल समाधान कराने के बारे में भी बताया गया। पैरालीगल वालेंटियर ने अपील की कि किसी भी कानूनी समस्या में चुप रहने के बजाय अपने अधिकारों की जानकारी लें और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें।

इस अवसर पर विधिक सेवा दिवस का संदेश दिया गया कि “जागरूक नागरिक, सशक्त समाज” ही विधिक सेवा दिवस का उद्देश्य है। इस जागरूकता शिविर की जानकारी पैरालीगल वालेंटियर मधुसुदन वर्मा (थाना बरमकेला) ने उपलब्ध कराई। शिविर में मधुसुदन वर्मा और यशवंत पटेल (थाना डोंगरीपाली) ने लोगों को कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क सहायता की जानकारी देकर जागरूक किया।

Scroll to Top