शेयर करें...
रायपुर// दीपावली की खुशियां एक पत्रकार के परिवार के लिए मातम में बदल गईं। रायपुर में दिवाली मनाकर अपने गांव लौट रहा पत्रकार का परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। राजिम के टीला एनीकट के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर महानदी में जा गिरी। हादसे में पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू और दो बच्चों विकास (19) व पूर्वा (21) की मौत हो गई। चारों के शव कार के अंदर फंसे मिले।
मिली जानकारी के मुताबिक, शीतल साहू रायपुर में रहकर पत्रकारिता से जुड़े थे। दीपावली मनाने के बाद वे परिवार के साथ अपने गांव पसौद लौट रहे थे। हादसा गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे से तड़के 2 बजे के बीच हुआ। हादसे वाली जगह से उनका गांव महज 3 किलोमीटर दूर था। यहां से घर पहुंचने में करीब 10 मिनट का समय लगता, लेकिन उससे पहले ही पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया।
शीतल साहू की रात करीब 11 बजे घरवालों से आखिरी बार बात हुई थी। देर रात तक परिवार के घर नहीं पहुंचने पर परिजन तलाश में निकले। इस दौरान टीला एनीकट के चार पिलर टूटे मिले। तलाश करने पर कार महानदी में दिखाई दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। चंपारण पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों शवों को बाहर निकाला। शीतल के गले में भारत-1 न्यूज का आईडी कार्ड भी मिला। कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था।
कैसे हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में रही होगी और अनियंत्रित होकर एनीकट के पिलर से टकराने के बाद नदी में गिर गई होगी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एनीकट पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
टीला एनीकट के पास पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद यहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है। स्थानीय स्तर पर एनीकट के पास सांकेतिक बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपायों की कमी की शिकायत है। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद एनीकट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


