शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के वनांचल क्षेत्र के ग्राम सोंडका में सोमवार सुबह वन्यजीवों के शिकार का एक गंभीर मामला सामने आया। खेत में शिकार के उद्देश्य से बिछाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से दो सांभरों की मौत हो गई। घटना के बाद शिकारियों द्वारा एक सांभर के शव को टुकड़ों में काटे जाने की बात सामने आई है, जबकि दूसरे सांभर का शव घटनास्थल पर पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि आरोपियों की मंशा सांभरों के मांस को बेचने की थी।
तीन आरोपियों की पहचान, घटना के बाद से फरार
वन विभाग के अनुसार, मामले में तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है। घटना के बाद से तीनों मौके से फरार बताए जा रहे हैं। वन विभाग की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटनास्थल पर वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की मौजूदगी में मृत सांभरों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने वनांचल क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेतों में वन्यजीवों को मारने के लिए करंटयुक्त तार बिछाए जा रहे हैं, तो आखिर विभाग की नियमित गश्त और निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है? क्या क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों की जानकारी विभाग को पहले से नहीं थी? यदि वन क्षेत्र और आसपास के गांवों में लगातार निगरानी की जा रही है, तो शिकारियों को ऐसी घटनाओं को अंजाम देने का मौका कैसे मिल रहा है?
वन्यजीव संरक्षण के दावों के बीच बड़ी चुनौती
दो सांभरों की मौत महज एक शिकार की घटना नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के सामने गंभीर चुनौती है। करंटयुक्त तार जैसे तरीके अन्य वन्यजीवों और यहां तक कि ग्रामीणों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकते हैं। इसके अलावा लगभग दो दिन पहले एक जिले के बिलाईगढ़ क्षेत्र में भी एक तेंदुआ का शव बरामद किया गया था। ऐसे में जरूरी है कि केवल आरोपियों की तलाश और पोस्टमार्टम तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि क्षेत्र में अवैध शिकार की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
आरोपियों की गिरफ्तारी और गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही वनांचल क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और खेतों में करंटयुक्त तार बिछाकर वन्यजीवों का शिकार करने वालों पर सख्त निगरानी रखने की मांग उठाई है। अब देखना होगा कि वन विभाग इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाता है।


