शेयर करें...
रायपुर// सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से अकेले विचरण कर रहे एक हाथी ने दीपावली की रात दो और लोगों की जान ले ली। इस हाथी ने सूरजपुर जिले के सोनगरा और बतरा क्षेत्र में जनहानि की है।
यह पहली बार है जब यह हाथी सूरजपुर जिले के इस नए क्षेत्र में प्रवेश किया है। अंबिकापुर-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोनगरा से लगे श्यामनगर में एक व्यक्ति को कुचलने के बाद यह हाथी लटोरी-बतरा क्षेत्र में प्रवेश कर गया। बतरा से लगे राई के पास इसने दूसरे व्यक्ति को कुचल कर मार डाला।
इस अकेले हाथी ने अभी तक ली 16 लोगों की जान
दीपावली की रात जब लोग त्योहार की खुशियां मना रहे थे, तभी यह हाथी दो परिवारों के लिए मातम का कारण बन गया। स्थानीय स्तर पर कबरा के नाम से प्रचलित इस अकेले हाथी ने अभी तक 16 लोगों की जान ले ली है। पिछले सप्ताह ही इस हाथी ने सूरजपुर जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में दो लोगों को कुचलकर मार डाला था।
पहली बार लटोरी और बतरा इलाके में किया प्रवेश
अकेला होने के कारण इसका मूवमेंट इतना तेज होता है कि सही तरीके से इसके लोकेशन का पता नहीं चल पाता। वन विभाग की टीम पीछे-पीछे दौड़ती रह जाती है और तब तक यह दूसरी जगह जनहानि कर चुका होता है। यह हाथी पहली बार सूरजपुर जिले के लटोरी और बतरा इलाके में प्रवेश किया है।
दो लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों में दहशत
इस क्षेत्र में सामान्य तौर पर हाथियों की आवाजाही कम होती है। इस कारण लोग हाथियों से बचाव को लेकर ज्यादा जागरूक नहीं हैं। अचानक इस खूंखार हाथी के इस क्षेत्र में आ जाने से वन विभाग की भी चिंता बढ़ गई है। हाथी के हमले से दो लोगों की मौत के बाद प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश और दहशत भी है।
उनका आरोप है कि दीपावली के दिन इस हाथी की निगरानी ठीक से नहीं हो रही थी। लोग इसकी आवाजाही को लेकर अनजान थे, इसी कारण जनहानि की घटना हुई। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथी की पल-पल की लोकेशन की जानकारी मुनादी और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से दी जाए और इसे जल्द से जल्द नियंत्रित किया जाए।
ट्रेंकुलाइज का प्रस्ताव अटका, रेडियो कॉलर का इंतजार
सूरजपुर के वन मंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने दो लोगों के हाथी के हमले से मौत की पुष्टि करते हुए दावा किया कि शीघ्र ही इस हाथी को ट्रेंकुलाइज कर नियंत्रित किया जाएगा। हालांकि हकीकत यह है कि इस संबंध में जो प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, उसे अभी तक हरी झंडी नहीं मिली है।
वन मंत्री के निर्देश पर भी अभी तक कोई ठोस पहल नहीं
हाथी के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए इस पर रेडियो कॉलर लगाने के साथ ही इसकी आक्रामकता कम करने के विज्ञानी उपाय किए जाने हैं, लेकिन शासन स्तर से अनुमति नहीं मिल पाने के कारण वन विभाग कुछ नहीं कर पा रहा है। वन मंत्री केदार कश्यप ने भी वन विभाग के उच्च अधिकारियों को इस हाथी के प्रबंधन के निर्देश दिए हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। पूरा मामला प्रस्ताव और प्रक्रिया में ही उलझा हुआ है और इधर हाथी लगातार जनहानि कर रहा है।



