राज्योत्सव में 36 विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण सम्मान, पत्रकारिता से खेल और कला तक इन नामों का हुआ ऐलान, देखें सूची..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में प्रदेश की 36 श्रेणियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुरस्कारों की घोषणा की।

Join WhatsApp Group Click Here

सम्मान कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा, शिक्षा, कृषि, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिए जाएंगे। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण प्रदेश की प्रतिभाओं, उनकी उपलब्धियों और समाज के प्रति योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपराओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना है।

कोरबा की संजू देवी को गुण्डाधूर सम्मान

घोषित सूची में कोरबा जिले की सुश्री संजू देवी को खेल के क्षेत्र में गुण्डाधूर सम्मान दिया जाएगा। बालोद जिले के टोमन कुमार को महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए चुना गया है। कृषि के क्षेत्र में कबीरधाम के पुन्नी दास भट्ट को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार मिलेगा। आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान के लिए धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग को धन्वन्तरि सम्मान दिया जाएगा।

आदिवासी सामाजिक चेतना और उत्थान के क्षेत्र में धमतरी के डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान के लिए चुना गया है। महिला उत्थान के लिए गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान की सुश्री लता नेताम को मिनीमाता सम्मान मिलेगा। सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के क्षेत्र में कबीरधाम के सुखचंद भास्कर को गुरु घासीदास सम्मान दिया जाएगा।

पत्रकारिता में इन नामों का हुआ चयन

राज्य अलंकरण की सूची में पत्रकारिता के क्षेत्र में भी कई नाम शामिल हैं। हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार दिया जाएगा। हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए वरुण सखाजी और रसिका पाण्डेय को संयुक्त रूप से यह सम्मान मिलेगा। अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के लिए शिशिर राय चौधरी को मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के लिए चुना गया है। रचनात्मक लेखन और हिन्दी भाषा के क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान दिया जाएगा।

साहित्य, संगीत और लोककलाओं के साधकों का भी सम्मान

साहित्य और कला के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को हबीब तनवीर सम्मान, रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान और डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को चक्रधर सम्मान दिया जाएगा। लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए रेखा जलक्षत्री को दाऊ मंदराजी सम्मान, छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए दुर्ग की साधना यादव को लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान और पंथी नृत्य के लिए सी.एल. रात्रे को देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार मिलेगा।

छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए चंद्रभूषण वर्मा को खुमान साव सम्मान, आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए दुर्गा प्रसाद पारकर को लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार और सामाजिक समानता तथा साहित्य के क्षेत्र में जगदीश प्रसाद देशमुख को संत रविदास सम्मान दिया जाएगा। पंडवानी कला के लिए दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को डॉ. तीजन बाई सम्मान के लिए चुना गया है।

समाजसेवा, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में भी सम्मान

अहिंसा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में दुर्ग के विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम को यति यतनलाल सम्मान दिया जाएगा। सहकारिता के क्षेत्र में बस्तर की प्राथमिक कुडुक मछुआ सहकारी समिति के धनसिंह बघेल को ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार मिलेगा। सामाजिक समरसता के लिए रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल और सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उपलब्धियों के लिए बिलासपुर की तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान को पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान दिया जाएगा।

आदिवासी सेवा एवं आर्थिक उत्थान के लिए नवा रायपुर स्थित सत्य साई संजीवनी अस्पताल के सी. श्रीनिवास को डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान दिया जाएगा। श्रम के क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह के अंतरयामी सामल को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार मिलेगा। अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान के लिए चुना गया है।

इसके अलावा संस्कृत भाषा के लिए डॉ. बहुरन सिंह पटेल, छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान के लिए दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी, छत्तीसगढ़ी एवं हिन्दी सिनेमा में रचनात्मक योगदान के लिए करन खान और निर्देशन के लिए मोहन सुंदरानी को सम्मानित किया जाएगा। महिला उत्थान के लिए कांकेर की बुलबुल बैद्या, विधि के क्षेत्र में कौस्तुभ शुक्ला और हेमन्त कुमार मिश्र तथा ग्रामीण पर्यटन के लिए कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय का चयन किया गया है।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण केवल व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान नहीं, बल्कि उनके समर्पण, परिश्रम और समाज के प्रति जिम्मेदारी का अभिनंदन है। उन्होंने चयनित सभी विभूतियों और संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रदेश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगी। पत्रकार वार्ता के दौरान संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संचालक संस्कृति विभाग डॉ. संजय कन्नौजे सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Scroll to Top