बरमकेला के पीएमश्री स्कूल में छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोप, दो शिक्षक निलंबित और एक की सेवा समाप्ति की अनुशंसा..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला के पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायतों की जांच के बाद शिक्षा विभाग ने तीन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें दो शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक संविदा शिक्षक की सेवा समाप्त करने के लिए संबंधित कंपनी को अनुशंसा पत्र भेजा गया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में मामला चर्चा का विषय बन गया है।

Join WhatsApp Group Click Here

व्याख्याता दयासागर चौहान निलंबित

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विद्यालय के व्याख्याता दयासागर चौहान पर छात्राओं के साथ अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने की शिकायत मिली थी। 27 अक्टूबर 2026 को विद्यालय की महिला उत्पीड़न एवं लैंगिक सुरक्षा समिति ने मामले की जांच की। जांच रिपोर्ट में शिकायतों की पुष्टि होने के बाद विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए दयासागर चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तय किया गया है।

ठाकुर राम चौहान पर भी गिरी निलंबन की गाज

विद्यालय के सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) ठाकुर राम चौहान के खिलाफ भी 12वीं कक्षा की छात्राओं ने 13 अक्टूबर को लिखित शिकायत की थी। शिकायत में उन पर छात्राओं को अनुचित नजर से देखने, उनके करीब आने की कोशिश करने, सीटी बजाने और गाना गाते हुए गुजरने जैसे व्यवहार के आरोप लगाए गए थे। पांच सदस्यीय जांच समिति ने 16 अक्टूबर को अपनी रिपोर्ट सौंपी। छात्राओं ने अपने बयान में इस व्यवहार से असहज होने की बात कही थी। शिक्षक ने अपने जवाब में आरोपों से इनकार किया था, लेकिन विभाग ने छात्राओं की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच को ध्यान में रखते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा कार्यालय, बरमकेला निर्धारित किया गया है।

हरीश चंद्राकर की सेवा समाप्त करने की अनुशंसा

तीसरे मामले में विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षक हरीश चंद्राकर के खिलाफ भी छात्राओं ने शिकायत की थी। उन पर छात्राओं को अनुचित नजर से देखने, उनके पास आने की कोशिश करने और शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर को शराब पीकर स्कूल आने तथा दुर्व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। 27 अक्टूबर को जांच समिति की रिपोर्ट में इन आरोपों की पुष्टि होने की बात कही गई है।

हरीश चंद्राकर की नियुक्ति प्लेसमेंट कंपनी NITCON Limited के माध्यम से अनुबंध पर हुई है। इस वजह से जिला शिक्षा अधिकारी ने कंपनी के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर उनकी सेवा समाप्त करने की अनुशंसा की है। फिलहाल उन्हें छात्राओं के सीधे शिक्षण और निगरानी से जुड़े काम से हटाकर विकासखंड कार्यालय बरमकेला में संलग्न किया गया है।

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विभाग की सख्ती

एक ही विद्यालय के तीन शिक्षकों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई ने स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने दो शिक्षकों को निलंबित किया है और तीसरे की सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने की अनुशंसा की है। अब आगे की विभागीय कार्रवाई और संबंधित कंपनी के निर्णय पर नजर रहेगी।

Scroll to Top