शेयर करें...
जीजा के घर जाने निकला था 32 वर्षीय तुलसी साहू, रातभर घर नहीं लौटने पर दर्ज हुई थी गुमशुदगी; पैरों में तार और गले पर मिले निशान, जांच में जुटी पुलिस
सरगांव/पेंड्री। सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेंड्री में 32 वर्षीय युवक तुलसी साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में राइस मिल के पास खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के पैरों में तार बंधा होने और गले पर निशान मिलने की जानकारी सामने आई है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगी।
मृतक की पहचान ग्राम पेंड्री निवासी तुलसी साहू, पिता छेदू राम साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह बीती शाम करीब 7 बजे सरगांव स्थित अपने जीजा के घर जाने के लिए निकला था। रातभर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने सरगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके कुछ समय बाद ही गांव के मुख्य मार्ग के किनारे राइस मिल के पास खेत में उसका शव मिलने की सूचना मिली।
घटनास्थल पर पहुंची डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना पर सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
300 मीटर दूर मिली मोटरसाइकिल, सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों के मोटरसाइकिल से गुजरने की बात भी सामने आई है। फुटेज में दिख रहे लोगों की पहचान और घटना से उनके संभावित संबंधों की पुष्टि होना अभी बाकी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
युवक के पैरों में तार बंधा मिलना, गले पर निशान और घटनास्थल से कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल का मिलना जांच के अहम बिंदु हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की आशंका है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही तुलसी साहू की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



You must be logged in to post a comment.