नेवासपुर में 17 वर्षीय किशोरी की हत्या का खुलासा, प्रेम संबंध में विवाद के बाद गला दबाने का आरोप, दो गिरफ्तार, 72 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाया मामला..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नेवासपुर में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अजीत घृतलहरे का बालिका के साथ प्रेम संबंध था और दूसरे युवक से बातचीत करने की शंका को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गला दबाकर हत्या करने की बात आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार की है। मामले में सहयोग करने के आरोप में उसके साथी साहिल खाण्डे को भी गिरफ्तार किया गया है।

बिस्तर पर अचेत मिली थी किशोरी, पोस्टमार्टम में सामने आया हत्या का मामला

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम नेवासपुर निवासी उत्तम मोहले को सूचना मिली कि उनकी 17 वर्षीय नातिन बिस्तर पर बेहोशी की हालत में पड़ी है और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर बालिका को अचेत पाया। उसके गले पर चोट और खरोंच के निशान सहित दाहिने हाथ और पैर पर धब्बेनुमा निशान भी दिखाई दिए।

सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और दम घुटने से मौत होने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 343/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दूसरे युवक से बातचीत की शंका पर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मृतिका और ग्राम लिलवाकापा निवासी अजीत घृतलहरे के बीच पहले से प्रेम संबंध होने और दोनों के बीच विवाद की जानकारी मिली। संदेह के आधार पर अजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वर्ष 2021 से उसका बालिका के साथ प्रेम संबंध था और दोनों परिवारों में बालिग होने पर विवाह को लेकर चर्चा भी चल रही थी। वह बालिका को समय-समय पर आर्थिक मदद भी करता था। करीब एक साल पहले बालिका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने की जानकारी मिलने पर दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात भी जांच में सामने आई।

साथी को निगरानी के लिए भेजा, घर में घुसकर गला दबाने का आरोप

पुलिस की पूछताछ के अनुसार, 16 अक्टूबर को हैदराबाद से गांव लौटने के बाद अजीत ने अपने साथी साहिल खाण्डे को बालिका के दूसरे युवक के संपर्क में होने की बात बताई। इसके बाद 19 अक्टूबर की रात दोनों मोटरसाइकिल से ग्राम नेवासपुर पहुंचे। पुलिस का आरोप है कि अजीत ने साहिल को कुछ दूरी पर आने-जाने वालों पर नजर रखने के लिए भेजा और खुद घर की दीवार फांदकर अंदर चला गया। वहां बालिका को फोन पर बातचीत करते देखकर उसका विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर हाथापाई हुई और दोनों निर्माणाधीन कमरे में गिर गए। इसी दौरान अजीत ने बालिका का गला दोनों हाथों से दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने शव को दूसरे कमरे में बिस्तर पर लिटा दिया, ताकि मौत सामान्य या हार्ट अटैक से हुई प्रतीत हो। वारदात के बाद उसने अपने साथी साहिल को घटना के बारे में बताया। पुलिस का कहना है कि दोनों इसके बाद कवर्धा क्षेत्र के नेवारीगुड़ा में देवी दर्शन के लिए गए और रात करीब 2:30 बजे घर लौटे। पूछताछ में साहिल ने भी घटना के समय अजीत का साथ देने की बात स्वीकार की है।

दो आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त

पुलिस ने मामले में अजीत घृतलहरे, पिता शिवकुमार, उम्र 22 वर्ष और साहिल खाण्डे, पिता दिलीप, उम्र 20 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम लिलवाकापा, थाना सिटी कोतवाली, जिला मुंगेली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साक्ष्य छिपाने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 238 और धारा 3(5) भी प्रकरण में जोड़ी है। घटना में इस्तेमाल होंडा लियो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 J 7143 जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच की। कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, प्रधान आरक्षक नवीन जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर राजपूत, प्रधान आरक्षक नोखे लाल कुर्रे, नरेश यादव, यशवंत डाहिरे, दिलीप साहू, तारे कश्यप, आरक्षक भेषज पाण्डेकर, हेमसिंह ठाकुर, राहुल यादव, राहुल कश्यप, अतुल ठाकुर, राकेश बंजारे, परमेश्वर जांगड़े, रामकिशोर कश्यप, अरुण साहू, योगेश यादव, नोहर डडसेना, विकास ठाकुर और अजय चन्द्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top