छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले तीन दिन में 12 जिलों में होगी बारिश, 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, हल्की बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। अगले तीन दिनों के दौरान खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

Join WhatsApp Group Click Here

इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। ऐसे में किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

12 जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

जिन जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम संबंधी चेतावनी दी गई है, उनमें शामिल हैं:

  • सुकमा
  • बीजापुर
  • दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा
  • बस्तर
  • नारायणपुर
  • जांजगीर-चांपा
  • रायगढ़
  • कोरबा
  • जशपुर
  • सरगुजा
  • बलरामपुर

40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका है। गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है। ऐसे मौसम में लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। खेतों में काम कर रहे किसान गरज-चमक शुरू होने पर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और मौसम सामान्य होने तक खुले स्थानों पर रुकने से बचें।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 19 अक्टूबर के लिए मौसम साफ रहने का अनुमान जताया गया था। शहर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना बताई गई। बीते रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

अंबिकापुर रहा प्रदेश में सबसे ठंडा

तापमान के आंकड़ों के अनुसार, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर बारिश हुई, लेकिन कहीं भी भारी बारिश दर्ज नहीं की गई। फिलहाल, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का प्रभाव सीमित रहने का अनुमान है। हालांकि, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखना जरूरी है।

Scroll to Top