सरसीवा–हसौद मार्ग पर सड़कों के गड्ढों की मरम्मत और डामरीकरण कार्य में तेजी, बरसात के बाद सड़क सुधार कार्यों को प्राथमिकता, ग्रामीणों एवं वाहन चालकों को मिलेगी आवागमन में राहत..

शेयर करें...

सारंगढ़–बिलाईगढ़// जिले में बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं संधारण कार्यों में तेजी लाई गई है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार लोक निर्माण विभाग द्वारा सरसीवा–हसौद मार्ग पर सड़क के गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों में डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों, यात्रियों एवं वाहन चालकों को आवागमन में राहत मिलेगी।

Join WhatsApp Group Click Here

उल्लेखनीय है कि बरसात के दौरान लगातार बारिश से जिले के विभिन्न मार्गों की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। जगह-जगह गड्ढे बनने से आम नागरिकों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जनसुविधा एवं सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में सड़कों की स्थिति की समीक्षा कर लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित निर्माण एजेंसियों को बरसात के बाद तत्काल मरम्मत एवं संधारण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग द्वारा सरसीवा–हसौद मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों में गड्ढों की मरम्मत एवं डामरीकरण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। सड़क की सतह दुरुस्त होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आवागमन करने वाले नागरिकों को सुविधा मिलेगी। इस मार्ग के सुधरने से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों एवं दैनिक आवागमन में भी सहूलियत होगी।

जिला प्रशासन द्वारा जिले की सड़कों को बेहतर बनाने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सड़क मरम्मत एवं संधारण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

Scroll to Top