जंगल में दिशा मैदान के लिए गई युवती से छेड़छाड़ का आरोप, समझाइश के बाद भी नहीं आया सुधार, आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल..

शेयर करें...

रायगढ़// गांव की 25 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ के आरोप में रायगढ़ पुलिस ने 30 वर्षीय मनीष राठिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर गांव की अन्य महिलाओं के साथ भी अशोभनीय हरकतें करने के आरोप हैं। ग्रामीणों और बीडीसी द्वारा पहले समझाइश दिए जाने के बावजूद उसके व्यवहार में सुधार नहीं होने की बात सामने आई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

सुबह जंगल में हुई घटना, युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 18 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे युवती घर के पास जंगल में दिशा मैदान के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान मनीष राठिया झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ था। उसने युवती के पास पहुंचकर उसका हाथ और साड़ी पकड़कर खींचतान की और छेड़छाड़ की। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 92/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 77 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने घर से पकड़ा आरोपी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। आरोपी की तलाश के लिए महिला थाना और चक्रधरनगर थाना की पेट्रोलिंग टीम रवाना की गई। पुलिस के मुताबिक, मनीष राठिया अपने घर पर मिला, जहां से उसे हिरासत में लेकर महिला थाना लाया गया। पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने की जानकारी भी दी है।

पत्नी को दी गिरफ्तारी की सूचना, न्यायालय ने भेजा जेल

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी के कारण बताते हुए विधिवत गिरफ्तार किया और इसकी सूचना उसकी पत्नी को दी। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम केंवट, विवेचना अधिकारी प्रधान आरक्षक प्रमिला महंत और थाना चक्रधरनगर की पेट्रोलिंग टीम की अहम भूमिका रही।

Scroll to Top