शेयर करें...
रायपुर// राजधानी रायपुर में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लूट की वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक युवक के साथ मारपीट की और बेल्ट से हमला कर उसका मोबाइल फोन और एक्टिवा की चाबी लूट ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण और गवाहों से पूछताछ के बाद पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि लूट और मारपीट की ये वारदात 16 अक्टूबर को कंकालीपारा के पास घटित हुआ था। पीड़ित द्वारा शिकायत में बताया गया था कि खुद को पुलिस बताकर युवक के साथ मारपीट करने के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मुखबिर की सूचना पर आरोपियों की पतासाजी के बाद धीरेंद्र सिंह तोमर और आकाश पांडेय को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जिसमें आरोपियों ने आपसी लेन-देन के विवाद को लेकर वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल किया गया लाल रंग का चमड़े का बेल्ट और एक्टिवा की चाबी बरामद की गई है। इस मामले में पुरानी बस्ती थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) में कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


