शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// शारदीय नवरात्र के अवसर पर सरिया तहसील के ग्राम कटंगपाली (अ) में सुनील सोनी स्टार नाइट भजन संध्या का आयोजन उत्साह और भक्तिमय माहौल में किया गया। मां दुर्गा की आराधना के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी गीतों और भक्ति संगीत ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में अंचल के हजारों लोग पहुंचे। महिलाओं, युवाओं, युवतियों और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सजावट और संगीत ने बांधा समां
नवरात्रि के रंग में रंगे कटंगपाली में आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी ने आयोजन स्थल की रौनक बढ़ा दी। भक्ति गीतों और गरबा की धुन पर लोग झूमते नजर आए। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे प्रतिभागियों ने गरबा रास का आनंद लिया। ढोल-ताशों की थाप और गीत-संगीत के बीच पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।
संस्कृति और भाईचारे का संदेश
आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य भारतीय परंपरा और संस्कृति को सहेजना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। ऐसे कार्यक्रम लोगों को एक साथ आने और मिल-जुलकर त्योहार मनाने का अवसर देते हैं। इससे आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
दो दिनों तक चला उत्सव
दो दिनों तक चले इस महोत्सव में सभी आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की भक्ति, छत्तीसगढ़ी संगीत और गरबा रास के संगम ने आयोजन को यादगार बना दिया। देर तक चले गीत-संगीत और नृत्य का लोगों ने भरपूर आनंद उठाया।


