शेयर करें...
रायपुर// राजधानी रायपुर से लगे आरंग क्षेत्र के बिरबिरा गांव में बुजुर्ग दंपती की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक जादू-टोने के शक में पड़ोसी ने ही पति-पत्नी की हत्या की थी। आरोपी कुल्हाड़ी और हंसिया लेकर घर में घुसा और दोनों पर बेरहमी से हमला कर दिया।
वारदात के बाद वह महिला के शरीर पर पहने जेवर और घर में रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी को संदेह था कि बुजुर्ग दंपती ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ले ली थी। इसी शक के चलते उसने कथित तौर पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर की रात सदाशी साहू और उनकी पत्नी खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 11:30 बजे आरोपी कुल्हाड़ी और हंसिया लेकर अपने घर की छत के रास्ते दंपती के घर पहुंचा। इसके बाद आरोपी ने पहले एक कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू पर हमला किया। महिला के सिर, चेहरे और गले पर कुल्हाड़ी से वार करने के बाद हंसिया से सीने और पेट पर भी हमला किया गया।
हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को दोनों के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले थे। पुलिस ने जब इस दोहरे हत्याकांड की तफ्तीश शुरू की तो शक पड़ोस में रहने वाले प्रमोद साहू पर गया। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रमोद साहू की खोजबीन कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने खुलासा किया कि उसकी मां की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी। उसे संदेह था कि बुजुर्ग दंपती ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ली है। इसी वजह से उसने दंपति की हत्या कर फरार हो गया था।
हत्या के बाद जेवर और सामान लेकर भागा
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी महिला के शरीर पर पहने चांदी के कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने के जेवर के अलावा घर में रखी अंगूठी, बिछिया और सिक्के लेकर फरार हो गया। आरोप है कि उसने खून लगे हथियारों को नाली में धोया और एक सफेद बोरी में रखकर तामासिवनी रोड के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी पर संदेह होने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें मामले का खुलासा हुआ। जादू-टोने के अंधविश्वास में दो लोगों की जान लेने की इस वारदात ने गांव में सुरक्षा और अंधविश्वास से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अब मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


