शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया क्षेत्र में कथित रूप से लंबे समय से चल रहे सट्टे के कारोबार को लेकर शिकायत सामने आने के बाद सरिया पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए एक सट्टा खाईवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3350 रुपये नगद, दो सट्टा पर्ची, एक डॉट पेन और रेडमी-9 मोबाइल जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद सरिया पुलिस की सक्रियता की चर्चा शुरू हो गई है।
दरअसल, 2 दिन पहले सरिया क्षेत्र में सट्टा गतिविधियां खुलेआम संचालित होने की शिकायत सामने आई थी। लोकतंत्र प्रहरी के जिला अध्यक्ष मनोज मेहर ने सरिया थाना प्रभारी को आवेदन देकर मामले की जांच और सट्टा गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। आवेदन में लंबे समय से सट्टा चलने, लोगों को सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करने और मोबाइल के जरिए सट्टा संचालन किए जाने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपनीय जांच और कार्रवाई की मांग की गई थी।
नए थाना प्रभारी ने शिकायत के बाद दिखाई सक्रियता
सरिया थाना का प्रभार संभालने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यवादी साहू के सामने सट्टा गतिविधियों को लेकर यह शिकायत एक महत्वपूर्ण चुनौती के रूप में सामने आई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और 5 अक्टूबर को रेड कार्रवाई की। पुलिस ने सरिया निवासी सुरेश शर्मा (54 वर्ष) को सट्टा पट्टी लिखते हुए पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास मिली दो सट्टा पर्चियों में 2730 रुपये का दांव लिखा हुआ था। इसके अलावा 3350 रुपये नगद, डॉट पेन और मोबाइल भी बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 245/2026, धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के बाद उसे 5 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई से साफ संदेश, सट्टे पर पुलिस की नजर
शिकायत सामने आने के बाद कम समय में हुई इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि सरिया पुलिस अब सट्टा और जुआ जैसी गतिविधियों पर नजर रख रही है। खासकर नए थाना प्रभारी सत्यवादी साहू द्वारा प्रभार संभालने के बाद शिकायत पर तेजी से कार्रवाई करना चर्चा में है। हालांकि पुलिस की यह कार्रवाई एक आरोपी तक सीमित है और क्षेत्र में सट्टे के पूरे नेटवर्क को लेकर आगे की जांच अहम होगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यवादी साहू, सउनि कमल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता, आरक्षक लक्ष्मीनारायण पटेल, दिलीप साहा, नर्मदा यादव और महिला आरक्षक लीलावती उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने अवैध शराब, मादक पदार्थ, संपत्ति संबंधी अपराधों और जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर कड़ाई से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


