नंदा चौक में पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान, लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस द्वारा जिलेभर में साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सारंगढ़ कोतवाली प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नंदा चौक में लोगों के बीच पहुंचकर साइबर अपराध से बचाव के तरीके बताए और ऑनलाइन ठगी को लेकर सतर्क रहने की अपील की।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस टीम ने लोगों को समझाया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने तथा अज्ञात लोगों के कहने पर ऑनलाइन लेनदेन करने से बचना चाहिए। पुलिस ने लोगों से कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दें।

जागरूक हुए लोग, दूसरों को भी सतर्क करने का लिया संकल्प

नंदा चौक में चलाए गए इस जागरूकता अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने साइबर अपराध से बचाव की जानकारी ली। लोगों ने न केवल खुद सतर्क रहने, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी के तरीकों के बारे में जागरूक करने का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराध से बचाव के लिए साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस कप्तान सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली प्रभारी प्रमोद यादव और उनकी टीम लगातार लोगों के बीच पहुंचकर साइबर अपराध के प्रति जागरूक कर रही है। पुलिस का उद्देश्य लोगों को साइबर ठगी से बचाना और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि को लेकर तत्काल सतर्क रहने के लिए प्रेरित करना है।

Scroll to Top