शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और एएनटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी है। 30 सितंबर को टीम ने गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 103.110 किलो गांजा बरामद किया। दोनों मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने गांजा, वाहनों, मोबाइल और अन्य सामान समेत कुल 89.75 लाख रुपए का माल जब्त किया है।
पहली कार्रवाई चौकी बेलादुला, थाना सरसीवा क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर एक आयशर वाहन भंवरपुर और बेलादुला रोड होते हुए बिलासपुर की तरफ जा रहा है। सूचना के बाद बेलादुला पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने तेंदूदरहा के पास घेराबंदी की। वाहन को रोककर तलाशी ली गई तो पीछे रखी लोहे की अलमारी के भीतर भूरे टेप में लिपटे 35 पैकेट गांजा मिले। इनका कुल वजन 39.76 किलो बताया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा बलांगीर, उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात बताई।
दूसरी कार्रवाई थाना भटगांव क्षेत्र में हुई। यहां पुलिस MCP लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सारंगढ़ की ओर से आ रही एक ऑल्टो कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पीछे से आ रही एक सफेद FRONX कार ने भी पुलिस के स्टॉपर को टक्कर मार दी और तेज रफ्तार से बिर्रा-जांजगीर की तरफ निकल गई। पुलिस ने जांजगीर पुलिस से संपर्क कर घेराबंदी कराई और गिरवानी पेट्रोल पंप के पास FRONX को रोक लिया।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से जुड़े आरोपियों के कब्जे से चार प्लास्टिक बोरियों में 63.350 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार ऑल्टो कार में सवार लोग पायलटिंग कर रहे थे, जबकि FRONX में दो लोग सवार थे। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी
प्रकरण 1, चौकी बेलादुला थाना सरसीवा
- अनुज कुमार गौतम पिता मुरारी गौतम, उम्र 31 वर्ष, निवासी भरथरी, थाना तेली बाजार, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश।
- टिंकू वर्मा पिता रामशंकर वर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी भरथरी, थाना तेली बाजार, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश।
प्रकरण 2, थाना भटगांव
- सुनील बेलदार पिता बगराज बेलदार, निवासी कबरई, जिला महोबा, उत्तर प्रदेश।
- अरविंद कुमार ठाकुर पिता जय नारायण ठाकुर, निवासी खन्ना, जिला महोबा, उत्तर प्रदेश।
- सुरेंद्र यादव पिता होरीलाल यादव, निवासी कबरई, जिला महोबा, उत्तर प्रदेश।
- सागर सिंह पिता राजेश सिंह, निवासी कोतवाली नगर, जिला महोबा, उत्तर प्रदेश।
- मेहताब अहमद पिता इकबाल अहमद, निवासी हिमउली, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश।
जब्त सामग्री की पूरी जानकारी
प्रकरण 1, बेलादुला
- गांजा: 39.76 किलो, 35 पैकेट, कीमत करीब ₹19.50 लाख।
- आयशर छह चक्का वाहन क्रमांक MH 04 NB 2816: करीब ₹20 लाख।
- लोहे की चद्दर, करीब 10 टन: ₹5.50 लाख।
- ओप्पो एंड्रॉइड मोबाइल: 2 नग, ₹20 हजार।
- कुल जब्ती: ₹45.20 लाख।
प्रकरण 2, भटगांव
- गांजा: 63.350 किलो, 4 प्लास्टिक बोरी, कीमत करीब ₹31.50 लाख।
- सफेद FRONX कार क्रमांक UP 32 A 4445: करीब ₹11 लाख।
- सफेद ऑल्टो कार क्रमांक UP 95 W 5149: करीब ₹2 लाख।
- मोबाइल फोन: 7 नग।
- कुल जब्ती: ₹44.55 लाख।
दोनों मामलों में कुल गांजा: 103.110 किलो। कुल जब्ती: करीब ₹89.75 लाख।


