शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को हरदी हायर सेकेंडरी स्कूल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें तकनीक के प्रति जागरूक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। बैंकिंग, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं और शासकीय योजनाओं से जुड़ी अधिकांश सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों को इन सेवाओं का सहज और सुरक्षित उपयोग सिखाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। यह अभियान समाज और राष्ट्र के प्रति सेवा भाव को बढ़ाने का अवसर है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए। उन्होंने कहा कि बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी को पूरी तरह गोपनीय रखना चाहिए। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध फोन कॉल, लिंक और मैसेज मिलने पर सावधानी बरतते हुए तत्काल सतर्क होना जरूरी है।
कार्यक्रम में ज्योति पटेल, भुवन मिश्रा, प्राचार्य विभावरी सिंह ठाकुर, विनय तिवारी, अखन वर्मा, सरपंच, SDOP सहित पुलिस एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में सेवा भाव को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


