अछोटा के विशेष ग्रामसभा में बवाल, हिसाब किताब के बीच हाथापाई की स्थिति निर्मित, जिला पंचायत सदस्य के पति को युवती ने जड़ा थप्पड़..

शेयर करें...

रायपुर// धमतरी जिले के अछोटा गांव में विशेष ग्राम सभा के दौरान उस वक्त जमकर हंगामा हो गया, जब हिसाब-किताब को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि पूर्व जनपद अध्यक्ष और वर्तमान जिला पंचायत सदस्य के पति के साथ मारपीट के आरोप लगे और इसी दौरान एक युवती द्वारा उन्हें थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई और ग्रामीण दो गुटों में बंट गए।

Join WhatsApp Group Click Here

ग्राम सभा में बहस से शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक, अछोटा गांव में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान पंचायत के हिसाब-किताब को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई। इसी दौरान जिला पंचायत सदस्य के पति के साथ कथित मारपीट हुई। वायरल बताए जा रहे घटनाक्रम में एक युवती द्वारा उन्हें थप्पड़ मारने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पूरे मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए जा रहे हैं।

थप्पड़ के बाद बढ़ा विवाद, सड़क पर उतरे ग्रामीण

घटना के बाद विवाद और बढ़ गया। एक पक्ष के ग्रामीणों ने धमतरी-नगरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर बैठ गए, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं दूसरे पक्ष में सरपंच और ग्राम विकास समिति से जुड़े लोगों के होने की बात सामने आई है। यह पक्ष अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर रवाना हुआ।

दोनों पक्षों ने पुलिस से की शिकायत

विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट सहित अन्य आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

बयान के आधार पर होगी कार्रवाई

पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों के बयान लिए हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायतों और बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी और जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल ग्राम सभा में शुरू हुआ विवाद थप्पड़ और मारपीट तक पहुंचने के बाद अछोटा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Scroll to Top