विश्व रैबीज दिवस पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 196 श्वानों का निःशुल्क टीकाकरण, सारंगढ़, बरमकेला और बिलाईगढ़ में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में विश्व रैबीज दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत पशुधन विकास विभाग द्वारा जिले के विभिन्न संस्थानों में रैबीज नियंत्रण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान विकासखण्ड सारंगढ़ में 83, बरमकेला में 61 और बिलाईगढ़ में 52 श्वानों का निःशुल्क टीकाकरण किया गया। इस तरह जिले में कुल 196 श्वानों को रैबीज से बचाव का टीका लगाया गया। टीकाकरण के साथ श्वानों की डिवार्मिंग भी की गई तथा पशुपालकों और आम नागरिकों को रैबीज बीमारी, उसके संक्रमण और बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

रैबीज एक गंभीर एवं घातक जूनोटिक बीमारी है, जो संक्रमित पशु के काटने या उसकी लार के संपर्क में आने से मनुष्यों में भी फैल सकती है। बीमारी के लक्षण प्रकट होने के बाद यह अत्यंत घातक हो जाती है और मृत्यु की संभावना लगभग निश्चित होती है। ऐसे में रैबीज की रोकथाम के लिए श्वानों का समय पर टीकाकरण महत्वपूर्ण है। पशुधन विकास विभाग द्वारा पशुपालकों को अपने श्वानों का नियमित टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया।

विभाग ने आमजन से अपील की है कि श्वान के काटने की घटना को हल्के में न लें और ऐसी स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर चिकित्सकीय सलाह एवं आवश्यक उपचार प्राप्त करें। साथ ही पशुपालक अपने श्वानों का समय पर टीकाकरण कराएं। पशुओं के नियमित टीकाकरण और आमजन में जागरूकता के माध्यम से रैबीज जैसी गंभीर बीमारी के संक्रमण को नियंत्रित करने में प्रभावी सहयोग मिल सकता है।

Scroll to Top