रायगढ़ में बाइक चोरी करते युवक को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा, 5 चोरी के दुपहिया वाहन बरामद, पांच मामलों का हुआ खुलासा..

शेयर करें...

रायगढ़// शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर बाइक चोरी के आरोपी को दौड़ाकर पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 5 चोरी के दुपहिया वाहन, जिसमें एक स्कूटी शामिल है, बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार, शहर के अलग-अलग इलाकों में हुई बाइक चोरी की घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में पांच अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं में एक ही संदिग्ध युवक दिखाई दिया। इसी बीच 24 सितंबर को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक गौशाला के पास बाइक चोरी के लिए घूम रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों को संदिग्ध की तस्वीर दिखाकर पहचान कराई।

पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में दौड़ाकर पकड़ा

स्थानीय लोगों से पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने संदिग्ध की तलाश शुरू की। इसी दौरान वायरलेस सेट के पास पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निर्मल धाकड़ पिता उदल सिंह धाकड़, उम्र 28 वर्ष, निवासी सिंकपुर रोड निबुआपारा, मोरारगिर्द, थाना मोरार, जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश बताया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी 12 सितंबर को ग्वालियर से रायगढ़ अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। रायगढ़ आने के बाद पैसे खत्म होने पर वह खर्च चलाने के लिए बाइक चोरी करने लगा। आरोपी ऐसे बाइक और स्कूटी को निशाना बनाता था, जिनमें चाबी लगी रहती थी। चोरी के बाद वह वाहनों से घूमता था और पेट्रोल खत्म होने पर वाहन को कहीं छोड़कर फरार हो जाता था।

पांच मामलों का हुआ खुलासा

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद थाना कोतवाली में दर्ज पांच बाइक चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें अपराध क्रमांक 527/2026, 532/2026, 535/2026, 538/2026 और 540/2026 शामिल हैं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पांच दुपहिया वाहन बरामद किए।

बरामद वाहनों में 19 सितंबर को नीलांचल भवन, बीडपारा से चोरी हुई सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी CG 13R 5730, 20 सितंबर को मधुबनपारा से चोरी हुई होंडा मोटरसाइकिल CG 13Z 2551, 21 सितंबर को लक्ष्मीपुर शिशु मंदिर के सामने से चोरी हुई होंडा एचपी साइन CG 13AR 0699, 21 सितंबर को ज्ञान मंदिर, लाल टंकी चौक मजार के सामने से चोरी हुई होंडा साइन CG 08NC 2684 और 21 सितंबर को जिला अस्पताल रायगढ़ से चोरी हुई पल्सर CG 13BK 8437 शामिल हैं।

आरोपी को न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में की गई। इसमें नगर निरीक्षक अमित तिवारी, उपनिरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक मनोज मरावी, पौलुश एक्का तथा आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा, कोमल तिवारी, राजेश बंजारे, ओश्निक विश्वाल, कमलेश यादव एवं कृति राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी ने वाहन मालिकों से की सावधानी बरतने की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने और वाहन में चाबी छोड़ने जैसी लापरवाही नहीं करने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा।

Scroll to Top