बरमकेला जनपद क्षेत्र में सीईओ शिक्षा शर्मा का औचक निरीक्षण, निर्माण कार्यों में लापरवाही पर जताई नाराजगी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जनपद पंचायत बरमकेला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिक्षा शर्मा ने जनपद क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और तय समय-सीमा की जानकारी ली और लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए।

Join WhatsApp Group Click Here

अधूरे प्रधानमंत्री आवास जल्द पूरा करने के निर्देश

सीईओ ने सबसे पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई आवास अधूरे मिले, जिस पर उन्होंने संबंधित पंचायत सचिवों से नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि अधूरे आवासों का काम जल्द पूरा कराया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर पक्के मकान का लाभ मिल सके।

सरिया में कई निर्माण कार्यों का निरीक्षण

इसके बाद शिक्षा शर्मा ने सरिया स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, पीएम श्री बालक स्कूल में चल रहे अतिरिक्त कक्ष निर्माण और प्री-मेट्रिक कन्या छात्रावास में अहाता निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता देखी और संबंधित कर्मचारियों को काम में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ तय समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

सामुदायिक भवन और राहत शिविर भवन का भी लिया जायजा

निरीक्षण के अगले चरण में सीईओ ने नदीगांव परसरामपुर में सामुदायिक भवन, सुरसी-सूरजगढ़ में बाढ़ आपदा राहत शिविर भवन तथा पंचधार में सामुदायिक भवन और रंगमंच निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण की स्थिति देखी और संबंधित कर्मचारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

स्व-सहायता समूह की महिलाओं से की चर्चा

पंचधार में सीईओ शिक्षा शर्मा ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत काम कर रहे स्व-सहायता समूह की महिलाओं से भी मुलाकात की। उन्होंने समूह की गतिविधियों की जानकारी ली और महिलाओं से उनकी समस्याओं व जरूरतों को लेकर चर्चा की।

सीईओ शिक्षा शर्मा ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय योजनाओं और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीईओ के औचक निरीक्षण से पंचायत स्तर के कर्मचारियों में हलचल देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान सब इंजीनियर भुनेश्वर पटेल भी मौजूद रहे।

Scroll to Top