शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// पं. सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़, बिलासपुर से संबद्ध शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सारंगढ़ के अध्ययन केंद्र में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इच्छुक विद्यार्थी 13 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश ले सकते हैं।
अध्ययन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए और बी.लिब. जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर एमए में राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, अंग्रेजी साहित्य, हिंदी साहित्य, संस्कृत साहित्य और शिक्षा सहित एमएससी में वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, गणित और कंप्यूटर साइंस जैसे विषय उपलब्ध हैं। इसके अलावा डीसीए, पीजीडीसीए, एमएसडब्ल्यू और योग विज्ञान सहित अन्य पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश का अवसर है।
घर बैठे पढ़ाई की सुविधा
मुक्त विश्वविद्यालय के माध्यम से विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सकते हैं। विश्वविद्यालय की ओर से पाठ्य सामग्री विद्यार्थियों के घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाती है, जिससे नियमित कॉलेज नहीं जा पाने वाले विद्यार्थी भी अपनी उच्च शिक्षा जारी रख सकते हैं और निर्धारित समय पर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। विज्ञप्ति के अनुसार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को शासन के निर्धारित नियमों के तहत छात्रवृत्ति की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
जानकारी के लिए अध्ययन केंद्र से करें संपर्क
प्रवेश और उपलब्ध पाठ्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सारंगढ़ के अध्ययन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। यह जानकारी अध्ययन केंद्र प्रभारी हर प्रसाद लहरे और लूपचंद धृतलहरे द्वारा दी गई है।



