शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 14 महीने के मासूम बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कलिंग नगर में एक महिला के घर में घुसकर उसके बच्चे को जबरन ले जाने का आरोप पड़ोस में रहने वाले उसके पूर्व प्रेमी पर लगा है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे को नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी पवन साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
मां से साथ चलने को कहा, इनकार पर बच्चे को उठाया
पुलिस के मुताबिक, महिला ने 22 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे वह घर की दूसरी मंजिल पर रसोई में खाना बना रही थी। उसका 14 महीने का बेटा पृथ्वी ध्रुव पास में खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला पवन साहू कथित तौर पर लोहे की पाइप लेकर घर में पहुंच गया।
आरोप है कि उसने महिला से अपने साथ चलने के लिए कहा। महिला के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की। इसके बाद पवन बच्चे को अपने साथ ले जाने लगा। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर लोहे की पाइप से मारने और जान से खत्म करने की धमकी दी। इसके बाद वह बच्चे को लेकर वहां से निकल गया।
महिला ने पीछा किया, लेकिन नहीं मिला आरोपी
बच्चे को लेकर आरोपी के घर से निकलने के बाद महिला ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह गली में नहीं मिला। इसके बाद महिला ने अपने पति को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। बच्चे के गायब होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तलाश करते हुए बच्चे को नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया।
महिला और आरोपी के बीच पहले से थी पहचान
शिकायत के अनुसार, आरोपी पवन साहू महिला का पड़ोसी था और दोनों की करीब एक साल से पहचान थी। महिला ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध भी बने थे।
महिला के अनुसार, अगस्त महीने में वह अपने छोटे बेटे के साथ पवन के साथ नागपुर गई थी। वहां वह करीब 20 दिनों तक पवन की नानी के घर रही थी। पुलिस अब अपहरण के पीछे आरोपी की मंशा और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। बच्चे के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है।



