आवारा कुत्ते का तांडव, कुछ घंटे में दर्जनों को लहूलुहान कर भागा पागल कुत्ता, रेबीज वार्ड में लगी कतार..

शेयर करें...

​सारंगढ़-बिलाईगढ़// शनिवार की सुबह सारंगढ़ नगर के लिए खौफ का मंजर लेकर आई। शहर की सड़कों पर एक बेकाबू आवारा कुत्ते ने ऐसा तांडव मचाया कि महज दो घंटों के भीतर पूरा इलाका थर्रा उठा। रास्ते से गुजर रहे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग जो भी सामने आया, यह आक्रामक कुत्ता उसे नोचता चला गया। सिर्फ 120 मिनट के भीतर इस सिरफिरे कुत्ते ने दर्जनों बेकसूर राहगीरों को अपना शिकार बनाकर लहूलुहान कर दिया।

Join WhatsApp Group Click Here

​यह हमला किसी एक चौराहे तक सीमित नहीं रहा। कुत्ता एक इलाके से दूसरे इलाके में दौड़-दौड़कर लोगों पर झपटता रहा। गढ़ चौक, डिग्री कॉलेज मार्ग, बाजार चौक, प्रतापगंज और पुराना जेलपारा जैसे व्यस्त इलाकों में कुत्ते ने पीछे से घात लगाकर राहगीरों के पैर और हाथ जबड़े में जकड़ लिए। ​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे कॉलेज मार्ग से गुजर रहे एक युवक पर कुत्ते ने अचानक हमला बोला और पैर का मांस नोच लिया। वहीं मंदिर से पूजा कर शांति से घर लौट रही एक निहत्थी बुजुर्ग महिला पर भी इस वहशी जानवर ने बेरहमी से हमला कर दिया।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी, रेबीज वार्ड में कतार

​हमलों के तुरंत बाद जिला अस्पताल का नजारा किसी आपात स्थिति जैसा हो गया। एक के बाद एक खून से लथपथ 15 घायल अस्पताल पहुंचे, जिससे स्वास्थ्य कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। घायलों के अंगों पर गहरे घाव और दांतों के निशान देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। डॉक्टरों की टीम ने मोर्चा संभालते हुए सभी को फौरन एंटी-रेबीज इंजेक्शन और प्राथमिक उपचार देना शुरू किया।

​घटना के बाद से नगरवासियों में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल है। लोग अपने घरों के दरवाजे बंद करने को मजबूर हैं और बच्चों को बाहर भेजने से कतरा रहे हैं। लगातार उठती शिकायतों और आक्रोश के बाद हरकत में आई नगर पालिका की टीम जाल और उपकरणों के साथ इस खूंखार कुत्ते की तलाश में शहरभर में खाक छान रही है।

Scroll to Top