भीखमपुरा में सर्पेश्वर महादेव मंदिर का भूमि पूजन सम्पन्न, महादेव नगर सपेरा बस्ती के विकास में एक और पहल..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया तहसील के ग्राम भीखमपुरा की सपेरा बस्ती में गुरुवार को सर्पेश्वर महादेव मंदिर निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर आशीर्वाद का दिया भी जलाया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group Click Here

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणीग्राही शामिल हुए। उनके साथ कलेक्टर पद्मिनी साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, सरिया नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष विद्या चौहान, जनपद सीईओ शिक्षा शर्मा, वरिष्ठ नागरिक गगन बिहारी पाणीग्राही सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सपेरा बस्ती को विकसित करने की दिशा में पहल

सर्पेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण इसी सपेरा बस्ती में किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बस्ती के समग्र विकास और इसे एक व्यवस्थित एवं भव्य कॉलोनी के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाने की बात कही गई। मंदिर निर्माण को बस्ती के सामाजिक और सामुदायिक विकास से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

करीब 50 प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति

बता दें कि भीखमपुरा निवासी जगन्नाथ पाणीग्राही के प्रयासों से बस्ती में निवासरत सपेरा परिवारों के उन्नयन की दिशा में काम किया जा रहा है। बस्ती को “महादेव नगर सपेरा बस्ती” के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है। शासन की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत यहां करीब 50 आवासों की स्वीकृति दी जा चुकी है। इसके अलावा सीसी रोड की स्वीकृति भी मिल चुकी है, निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिससे बस्ती में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने किया था आवासों का निरीक्षण

कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस बस्ती में पहुंचे थे। उन्होंने यहां निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास के मकानों का निरीक्षण करने के साथ सपेरा परिवारों से संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने बस्ती के लोगों की जरूरतों और आवश्यक संसाधनों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसी दौरान मंदिर निर्माण की घोषणा भी की गई थी, जिसके बाद अब सर्वेश्वर महादेव मंदिर के निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन सम्पन्न हुआ।

सपेरा बस्ती में आवास, सड़क और मंदिर जैसी सुविधाओं के विकास की पहल से स्थानीय परिवारों में भी उत्साह का माहौल है। आने वाले समय में यदि प्रस्तावित विकास कार्य निर्धारित रूप से पूरे होते हैं, तो यह बस्ती एक व्यवस्थित आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित हो सकती है।

Scroll to Top