नवा रायपुर बनेगा देश का बड़ा गोल्फ डेस्टिनेशन, 132 प्रोफेशनल गोल्फरों के बीच CM साय ने खेला गोल्फ, कपिल देव ने भी जताई बड़ी उम्मीद..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ अब क्रिकेट, हॉकी और आदिवासी खेलों के साथ गोल्फ के राष्ट्रीय मानचित्र पर भी अपनी जगह बनाने की तैयारी में है। नवा रायपुर में आयोजित हो रहे ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि आने वाले समय में नवा रायपुर देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना सकता है। प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

मुख्यमंत्री साय ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने खुद भी गोल्फ में हाथ आजमाया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) के अध्यक्ष कपिल देव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

फिल्मों में गोल्फ देखते थे, अब छत्तीसगढ़ कर रहा बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एक समय गोल्फ के बारे में लोग केवल सुनते थे या फिल्मों में खिलाड़ियों को गोल्फ खेलते देखते थे। अब छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ का बड़ा टूर्नामेंट आयोजित होना प्रदेश में बदलती खेल संस्कृति का संकेत है। उन्होंने कहा कि पहले गोल्फ को उद्योगपतियों और संपन्न वर्ग से जुड़ा खेल माना जाता था, लेकिन अब इसका दायरा बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ में भी गोल्फ की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। राज्य सरकार गोल्फ के लिए सुविधाओं के विस्तार और बड़े टूर्नामेंट के आयोजन में हरसंभव सहयोग करेगी।

132 खिलाड़ियों में 18 विदेशी गोल्फर

डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026 में 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 खिलाड़ी विदेशों से आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े स्तर के खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ पहुंचना प्रदेश में विकसित हो रहे खेल वातावरण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहते। इससे प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होती है, खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय युवाओं को बड़े खिलाड़ियों को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।

कपिल देव बोले- हर साल हो नवा रायपुर ओपन

PGTI अध्यक्ष कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने इच्छा जताई कि नवा रायपुर ओपन का आयोजन हर साल छत्तीसगढ़ में हो और आने वाले वर्षों की तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।

कपिल देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और यहां खिलाड़ियों को मिलने वाला आतिथ्य भी खास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्र माने जाते हैं, उसी तरह भविष्य में छत्तीसगढ़ भी देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बनाएगा।

गोल्फ के बहाने बस्तर और सरगुजा बुलाए गए विदेशी खिलाड़ी

मुख्यमंत्री साय ने प्रतियोगिता में शामिल देश-विदेश के खिलाड़ियों से गोल्फ के साथ छत्तीसगढ़ को भी देखने की अपील की। उन्होंने खिलाड़ियों को बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से रूबरू होने का न्योता दिया। उन्होंने चित्रकोट जलप्रपात सहित बस्तर के प्राकृतिक स्थलों और सरगुजा की पहाड़ियों, जंगलों व संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि खिलाड़ी यहां से लौटते समय सिर्फ टूर्नामेंट की यादें नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के आतिथ्य और प्राकृतिक सौंदर्य की स्मृतियां भी साथ लेकर जाएं।

खेल अधोसंरचना और नई प्रतिभाओं पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना विकसित करने के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचने के अवसर देने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाओं के आगे बढ़ने में संसाधनों की कमी बाधा न बने। PGTI के CEO अमनदीप चहल ने भी कहा कि छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले गोल्फ टूर्नामेंट को खिलाड़ियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब पर्यटन और अन्य खेलों के साथ-साथ उभरते गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान बनाने लगा है।

Scroll to Top