शेयर करें...
रायगढ़// जिले के कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट में ग्रामीण की हत्या के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी नैहर साय मांझी (45) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने आपसी कहासुनी और अपने इलाज कराने की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान चैतराम यादव उर्फ महेश यादव (50) पर टांगी से हमला किया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छाताघुरा जंगल से वारदात में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है।
घर की परछी में मिला था शव
पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर को ग्राम पखनाकोट निवासी चैतराम यादव उर्फ महेश यादव की टांगी से वार कर हत्या किए जाने की सूचना कापू पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देश पर थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर मृतक के भतीजे वासुदेव यादव (47) ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस को बताया गया कि 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात गांव का ही नैहर साय मांझी किसी बात को लेकर विवाद के दौरान चैतराम यादव पर टांगी से हमला कर दिया था। मृतक का शव आरोपी के घर की परछी में जमीन पर मिला।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारी हत्या की बात
मामले की गंभीरता को देखते हुए कापू पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर हत्या का अपराध दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात उसके इलाज कराने तथा आपसी कहासुनी को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने चैतराम यादव पर टांगी से वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल टांगी को छाताघुरा जंगल में एक पत्थर के नीचे छिपा दिया था।
जंगल से बरामद हुई हत्या में इस्तेमाल टांगी
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस टीम छाताघुरा जंगल पहुंची, जहां बताए गए स्थान से हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने नैहर साय मांझी, पिता स्व. गोपाल मांझी, उम्र 45 वर्ष को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम ने 24 घंटे में सुलझाया मामला
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में कापू पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी तक पहुंचकर मामले का खुलासा किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी कैवर्त, सोमेश गोस्वामी, आरक्षक संजीव पटेल, कन्हैया लाल भगत और विभूति सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


