शेयर करें...
जांजगीर-चांपा// छत्तीसगढ़ में महिलाओं के खिलाफबढ़ते अपराध को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र में एक महिला के अपहरण, बंधक बनाने और रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता को रायगढ़ जिले के किरोड़ीमल क्षेत्र से सुरक्षित बरामद किया।
महिला को कथित तौर पर कई दिनों तक एक किराए के मकान में बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
महिला के अपहरण के और फिर बंधक बनाकर दुष्कर्म का ये मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बताया कि 23 अगस्त की रात गांव का रहने वाला रमेश श्रीवास फोन कर उसे घर के बाहर बुलाया था। महिला के बाहर आते ही आरोपी ने चाकू दिखाकर उसे जबरन कार में बैठा लिया। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आकाश सिंह ने उसके बच्चे को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद महिला को कार से रायगढ़ जिले के किरोड़ीमल क्षेत्र ले जाया गया। महिला के मुताबिक कार में चार अन्य लोग भी मौजूद थे, जिनमें से दो की वह पहचान नहीं कर सकी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे किरोड़ीमल क्षेत्र में एक किराए के मकान में रखा गया था।
आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे बाहर जाने नहीं दिया गया। महिला ने मुख्य आरोपी रमेश श्रीवास पर रेप करने का आरोप भी लगाया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने महिला के पति की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी और घटना से जुड़े मामले की जांच शुरू की।
इस मामले में सबसे अहम मोड़ तब आया जब महिला को बंधक बनाए रखने के दौरान किसी तरह आरोपियों का मोबाइल फोन मिल गया। पीड़िता ने उसी मोबाइल से अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी और जिस स्थान पर उसे रखा गया था, उसकी जानकारी भी दी। इसके बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पामगढ़ पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना और जांच के आधार पर मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी रमेश श्रीवास निवासी भैंसो, उसके सहयोगी आकाश सिंह, प्रमोद श्रीवास, इंद्र कुमार धीवर और उमेश यादव उर्फ भोलू शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में सहयोग करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


