रायगढ़ निगम ऑडिटोरियम में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह, शिक्षक यशवंत नायक ‘शिक्षादूत’ सम्मान से विभूषित..

शेयर करें...

रायगढ़// भारतीय जनता पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर रायगढ़ निगम ऑडिटोरियम में एक भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। भाजपा छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्षेत्र के उन प्रतिभावान शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

इसी कड़ी में विकासखण्ड रायगढ़ के शासकीय प्राथमिक शाला राजीवनगर के प्रधान पाठक यशवंत नायक को शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों और अद्वितीय योगदान के लिए मंच पर “शिक्षादूत” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें मुख्य अतिथियों द्वारा शॉल, श्रीफल, रामचरितमानस की प्रति और प्रशस्ति पत्र भेंटकर इस गौरवशाली उपाधि से नवाजा गया।

प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों द्वारा की गई।

गुरु का सम्मान, राष्ट्र का सम्मान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि शिक्षक समाज का शिल्पकार होता है। उन्होंने यशवंत नायक सहित सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि “गुरु का सम्मान ही वास्तव में राष्ट्र का सम्मान है।” सांसद द्वय ने भी शिक्षकों के अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एक आदर्श समाज के निर्माण की नींव शिक्षक ही रखते हैं।

यशवंत नायक की उपलब्धि से हर्ष का माहौल

यशवंत नायक को “शिक्षादूत” सम्मान मिलने पर शासकीय प्राथमिक शाला राजीवनगर के स्टाफ, बच्चों, पालकों सहित संपूर्ण विकासखण्ड और शिक्षा विभाग में हर्ष का माहौल है। यशवंत नायक ने इस सम्मान के लिए संगठन और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक निष्ठा तथा नवाचार के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध जन, शिक्षाविद और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Scroll to Top