शेयर करें...
कोरबा// कोरबा में सौतेली बहू और उसके मायके पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मृतका का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह बहू पर प्रताड़ना का आरोप लगाती नजर आ रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को घर की दीवार पर लिखा सुसाइड नोट भी मिला। मामले की जांच के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मृतका की सौतेली बहू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
27 अगस्त को पंखे से फंदे पर लटका मिला था शव
घटना 27 अगस्त की है। लक्ष्मी बाई मानिकपुरी, उम्र करीब 40 वर्ष, ने अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। मर्ग जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल की दीवार पर लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला। इसमें लक्ष्मी बाई ने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी थी। पुलिस ने दीवार पर लिखे लेख की जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया यह लेख मृतका द्वारा ही लिखा जाना पाया गया।
आत्महत्या से पहले बहनों को भेजा था वीडियो
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि लक्ष्मी बाई ने आत्महत्या से पहले अपनी बहनों को एक वीडियो बनाकर भेजा था। पुलिस ने वीडियो को जब्त कर उसका पंचनामा तैयार किया। इसके अलावा मृतका की बहनों, परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए।
जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस के सामने पारिवारिक विवाद की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी बाई के पहले पति की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने दूसरी शादी की और वर्तमान पति तथा उसके पहले के बच्चों के साथ रह रही थीं।
घर से निकालने के लिए दबाव बनाने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आए परिजनों के कथनों के अनुसार, लक्ष्मी बाई की सौतेली बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोग कथित तौर पर अक्सर घर आते थे और उन्हें घर से बाहर निकालने का दबाव बनाते थे। इसको लेकर परिवार में आए दिन विवाद और झगड़े होने की बात भी सामने आई।
परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि लक्ष्मी बाई पहले भी पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के व्यवहार से परेशान थीं। कथित प्रताड़ना से आहत होकर उन्होंने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। एक बार जहर का सेवन कर जान देने की कोशिश करने की जानकारी भी जांच में सामने आई।
जांच के बाद तीन आरोपियों को भेजा जेल
मर्ग जांच, सुसाइड नोट, वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामले में मृतका की सौतेली बहू पूर्णिमा समेत तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।


