सिंघनपुर में शराब कोचियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// अवैध शराब के खिलाफ सारंगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम सिंघनपुर में दो अलग-अलग मामलों में दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 45 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 3 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई। पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि सिंघनपुर में दो व्यक्ति बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ बताए गए स्थानों पर दबिश दी।

दो आरोपियों से 25 और 20 लीटर शराब बरामद

पहले मामले में पुलिस ने राकेश राणा पिता विष्णु राणा, निवासी सिंघनपुर के कब्जे से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई। वहीं दूसरे मामले में मोहन चौहान पिता दीनू चौहान, निवासी सिंघनपुर के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये है।

दोनों मामलों में कुल 45 लीटर महुआ शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल ने जुआ, सट्टा, अवैध शराब सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सउनि प्रकाश रजक, प्रधान आरक्षक भंवर काटले, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर, विमल जांगड़े, भूपेंद्र चंद्रा, दिनेश चौहान, महिला आरक्षक लता जांगड़े सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top