शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// पोषण आहार अभियान के तहत विकासखंड बरमकेला के शासकीय आंगनबाड़ी केंद्र नावापाली और बोईरडीह में न्योता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक की मौजूदगी में बच्चों को पौष्टिक भोजन कराया गया और फल-मिठाइयां बांटी गईं।
जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शुरू हुआ अभियान
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की पहल पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज का आयोजन शुरू किया गया है। इसकी शुरुआत 3 सितंबर यानी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हुई। अभियान के तहत जनभागीदारी से हर महीने कम से कम एक दिन आंगनबाड़ी के बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
बच्चों को फल, मिठाई और खीर खिलाई
न्योता भोज के दौरान बच्चों को पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन कराया गया। डॉ. अभिलाषा नायक ने बच्चों को पूरक पोषण आहार के रूप में सेब, केला जैसे मौसमी फल, मिठाइयां और खीर वितरित की। स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। डॉ. अभिलाषा नायक ने कहा कि न्योता भोज का उद्देश्य बच्चों के भोजन में पोषण बढ़ाने के साथ समाज में अपनेपन और समानता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से इस तरह के आयोजन बच्चों के बेहतर पोषण और स्वस्थ विकास में मददगार होंगे।
कार्यक्रम में चंद्रकला नायक, अविनाश नायक, बोईरडीह मा.शाला के प्रधान पाठक झनझनराय पटेल, नावापाली प्रा.शाला के प्रधान पाठक अजय नायक, शिक्षक चंद्रशेखर नायक और गुणवती नायक मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बोईरडीह आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 की कार्यकर्ता अनुसुईया साहू, केंद्र क्रमांक-2 की कार्यकर्ता शिवानी साहू, सहायिका माधुरी चौहान और पूनम चौहान, वहीं नावापाली आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता प्रमिला चौहान तथा सहायिका रूपाबाई निषाद और गंगोत्री चौहान का विशेष योगदान रहा।


