शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया क्षेत्र की यज्ञसेनी प्रधान को मार्शल आर्ट कराटे के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। 1 सितंबर को रायपुर स्थित वृंदावन सभागार में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय सम्मान समारोह में उन्हें ‘शिखर क्रीड़ा रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

यज्ञसेनी प्रधान को यह सम्मान मार्शल आर्ट कराटे में ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने और बहन-बेटियों को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग देने के लिए प्रदान किया गया। वह पिछले पांच वर्षों से योगिनी योग एवं मार्शल आर्ट सेंटर का संचालन कर रही हैं, जहां योग के साथ-साथ मार्शल आर्ट और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाता है।
देशभर की प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
यह राष्ट्रीय स्तरीय सम्मान समारोह शिखर साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में भारत के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे करीब 100 प्रतिभावान लोगों को उनकी विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
अकादमी के अध्यक्ष मन्नूलाल चेलक स्वयं भी मार्शल आर्ट कराटे में तीन बार ब्लैक बेल्ट प्राप्त कर चुके हैं। वे अपने जन्मदिन के अवसर पर देशभर से प्रतिभाओं को आमंत्रित कर सम्मानित करते हैं। इसी कड़ी में यज्ञसेनी प्रधान को भी उनके लंबे समय से चल रहे कराटे प्रशिक्षण और महिलाओं एवं बेटियों को आत्मरक्षा के लिए तैयार करने के कार्य को देखते हुए शिखर क्रीड़ा रत्न सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में ये रहे प्रमुख अतिथि
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जशपुर राजघराने से जुड़ी भाजपा नेता और स्वर्गीय युद्धवीर सिंह जूदेव की धर्मपत्नी संयोगिता जूदेव रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में राजनांदगांव की पद्मश्री से सम्मानित फूलबासन बाई यादव और कांकेर के पद्मश्री अजय कुमार मंडावी मौजूद रहे।
पांच साल से बेटियों को दे रहीं आत्मरक्षा की ट्रेनिंग
यज्ञसेनी प्रधान पिछले पांच वर्षों से सरिया में योगिनी योग एवं मार्शल आर्ट सेंटर का संचालन कर रही हैं। कराटे में ब्लैक बेल्ट हासिल करने के साथ ही वह बहन-बेटियों को सेल्फ डिफेंस की तकनीक सिखाकर उन्हें आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से यज्ञसेनी प्रधान के परिवार और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।



You must be logged in to post a comment.