शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई के लिए 2 सितंबर 2026 को सारंगढ़ बस स्टैंड परिसर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।
यातायात पुलिस सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोतवाली पुलिस और आरटीओ की संयुक्त टीम ने वाहनों की जांच करते हुए नियम तोड़ने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और खासकर बसों के परमिट, फिटनेस तथा जरूरी दस्तावेजों की जांच करना था।
25 प्रकरणों में ₹42,500 का अर्थदंड
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 25 वाहन चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे कुल ₹42,500 का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई में धारा 128/194(C) के तहत 7 प्रकरणों में ₹3,500, परमिट नियमों के उल्लंघन के 2 मामलों में ₹10,000, धारा 182(2) के तहत ₹2,000 तथा धारा 112/183(1) के तहत ओवरस्पीडिंग के 1 मामले में ₹1,000 का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य संबंधित मामलों में 13 प्रकरण दर्ज कर ₹26,000 का अर्थदंड वसूल किया गया।
हेलमेट, सीट बेल्ट और दस्तावेज साथ रखने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने कहा गया है। इसके साथ ही वाहन चालकों से अपना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और आरसी बुक साथ रखने की अपील की गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन नहीं चलाने और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचने की भी समझाइश दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर ऐसे जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


