भीषण सड़क हादसा : कार-बाइक की टक्कर के बाद नदी में गिरे दोनों वाहन, एक की मौत, बाइक सवार लापता..

शेयर करें...

महासमुंद// छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार को तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जोक नदी के पुराने पुल पर कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गहरे पानी में लापता है। उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के मुताबिक हादसा सांकरा थाना क्षेत्र में घटित हुआ। जानकारी के मुताबिक, रविवार को एक कार में चार लोग सवार होकर जोक नदी के पुराने पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया।

स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार तीन लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान फिलहाल सामने नहीं आई है। हादसे के बाद सबसे बड़ी चुनौती बाइक सवार युवक की तलाश को लेकर है। टक्कर के बाद वह बाइक समेत नदी में जा गिरा और तेज बहाव व गहरे पानी के कारण लापता हो गया। स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। सूचना मिलने के बाद सांकरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

रेस्क्यू अभियान जारी

लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम नदी में अभियान चला रही है। नदी में पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण बचाव दल को तलाशी अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Scroll to Top