30 स्पा सेंटरों पर पुलिस की एक साथ दबिश, 15 टीमों ने खंगाले दस्तावेज, दो जगह मिलीं आपत्तिजनक वस्तुएं..

शेयर करें...

रायपुर// राजधानी रायपुर में संचालित स्पा सेंटरों में नियमों के पालन और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों की एक साथ जांच की गई। इसके लिए पुलिस की 15 टीमें गठित की गई थीं, जिनमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्पा सेंटर संचालकों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के मुताबिक पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सेंटरों में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं, दस्तावेजों और कर्मचारियों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। पुलिस के मुताबिक, अभियान का मुख्य उद्देश्य स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी तरह की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधियों को रोकना और संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। तीनों जोन में पुलिस की टीमें एक साथ सक्रिय रहीं। डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में यह जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों में रखे ग्राहक रजिस्टर, स्टाफ रजिस्टर और कर्मचारियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।

इसके साथ ही सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनकी रिकॉर्डिंग क्षमता और फुटेज को सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी देखी गई। पुलिस ने संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति भी जांची। कर्मचारियों की आयु से जुड़े दस्तावेजों के साथ यह भी देखा गया कि सेंटर में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड संचालकों के पास मौजूद है या नहीं। पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों के लीज, किराए और स्वामित्व से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की। सेंटर संचालन के लिए जरूरी अनुमतियों और अन्य अभिलेखों का सत्यापन किया गया। इसके अलावा पुलिस ने परिसर की व्यवस्थाओं और वहां संचालित गतिविधियों का भी जायजा लिया।

दो स्पा सेंटरों में मिलीं आपत्तिजनक वस्तुएं

जांच के दौरान पुलिस को दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन दोनों स्थानों पर मिली आपत्तिजनक वस्तुओं के संबंध में संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की गई है। जांच के दौरान सामने आए नियमों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताओं के आधार पर संबंधित संचालकों, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने दी लगातार निगरानी की चेतावनी

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों की जांच को केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा जाएगा। भविष्य में भी स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया जाएगा और दस्तावेजों का सत्यापन जारी रहेगा। पुलिस के मुताबिक, किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस व्यापक अभियान से साफ है कि राजधानी में स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर अब निगरानी और सख्त की जा रही है। आने वाले दिनों में भी ऐसे सेंटर पुलिस की जांच के दायरे में रहेंगे।

Scroll to Top