शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जनपद पंचायत बरमकेला के अंतर्गत ग्राम पंचायत बुदबुदा में नल जल योजना के तहत कावेरी कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई नाली और सीसी रोड की समस्या अब भी बनी हुई है। पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई किए जाने के बाद नाली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित हुई और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यह कार्य लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) से संबंधित है। इस मामले को लेकर जून महीने में जिला कलेक्टर से लिखित शिकायत भी की गई थी, लेकिन शिकायत के बाद भी अब तक नाली और सड़क की मरम्मत का काम पूरा नहीं हो सका है।

शिकायतकर्ता पत्रकार हेमन्त पटेल की ओर से कावेरी कंपनी के संबंधित ठेकेदार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों और ग्राम पंचायत के सचिव पंडितराम सिदार को भी कई बार दूरभाष के माध्यम से समस्या से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद लंबे समय तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। नाली चोक होने के कारण बारिश का पानी आसपास और शिकायतकर्ता के घर में जमा होता रहा और ग्रामीणों को गंदगी तथा जलभराव की परेशानी भी झेलनी पड़ी। शायद पंचायत और ठेकेदार के बीच समन्वय नहीं बन पाने तथा संबंधित स्तर पर समय पर पहल नहीं होने के कारण मरम्मत का कार्य अटका रहा।

हालांकि अब ग्राम पंचायत बुदबुदा द्वारा नाली की सफाई का काम शुरू किया गया है। सफाई होने से नाली में जमा गंदगी हटने और पानी की निकासी में कुछ सुधार होने की उम्मीद है। पंचायत द्वारा सफाई कार्य शुरू किए जाने के बाद ग्रामीणों में भी थोड़ी राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है, क्योंकि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई नाली और सीसी रोड की मरम्मत अभी बाकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली की सफाई के साथ-साथ कावेरी कंपनी और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को क्षतिग्रस्त नाली तथा सीसी रोड की मरम्मत का काम भी जल्द पूरा करना चाहिए। जब तक क्षतिग्रस्त हिस्से की समुचित मरम्मत नहीं होती, तब तक बारिश के दौरान जलभराव और पानी निकासी की समस्या दोबारा सामने आने की आशंका बनी रहेगी।
ग्रामीणों और शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं संबंधित कंपनी को निर्देशित कर क्षतिग्रस्त नाली और सीसी रोड का मरम्मत कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। पंचायत द्वारा शुरू की गई सफाई से फिलहाल थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन ग्रामीणों को स्थायी राहत तभी मिलेगी जब क्षतिग्रस्त निर्माण कार्य की मरम्मत पूरी कर जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।




You must be logged in to post a comment.