शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// ईद मिलाद-उन-नबी के मुबारक मौके पर मुस्लिम जमात सारंगढ़ की ओर से नगर में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। धार्मिक जोश और उल्लास के बीच निकले जुलूस में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए अमन, मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया गया।
जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान नंदा चौक सहित कई जगहों पर लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया और शरबत व मिठाई बांटी। जगह-जगह ईद मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी गई। पूरे रास्ते समाज के लोगों में पर्व को लेकर उत्साह देखने को मिला।
इसी दौरान नूरानी मस्जिद के सदर मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद राजा खान, इमरान खान, रज्जाक खान, फिरोज खान सहित छोटे मस्जिद के समाजजनों ने केक काटकर ईद मिलाद-उन-नबी की खुशियां मनाईं। सभी ने एक-दूसरे को पर्व की मुबारकबाद देते हुए समाज में प्रेम और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया।
इसके बाद जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बड़ी मस्जिद पहुंचा। यहां समाज के लोगों का स्वागत किया गया और मिष्ठान वितरण कर सभी को ईद मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी गई। आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ नगर में अमन, शांति और सामाजिक सौहार्द का माहौल बना रहा।
जुलूस को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे आयोजन के दौरान सक्रिय रही और यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। मुस्लिम समाज ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन के माध्यम से नगरवासियों को मोहब्बत, भाईचारे और अमन का संदेश दिया।


