एक साल के इंतजार के बाद मिला प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा क्लेम, वृद्ध मां को मिली बड़ी राहत..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा कराने वाले एक खाताधारक की मृत्यु के बाद करीब एक साल से बीमा राशि का इंतजार कर रही उसकी वृद्ध मां को आखिरकार राहत मिल गई। एसबीआई शाखा सरिया के खाताधारक दिवंगत जय प्रकाश पटेल की माता चंचला पटेल, निवासी बरपाली, को बैंक प्रबंधन की पहल के बाद 2 लाख 425 रुपये की बीमा राशि का भुगतान कर दिया गया है।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के अनुसार जय प्रकाश पटेल ने अपने जीवनकाल में भारतीय स्टेट बैंक शाखा सरिया के खाते से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा कराया था। उनकी मृत्यु के बाद उनकी मां चंचला पटेल ने बीमा क्लेम के लिए जरूरी दस्तावेज जमा कर दावा किया था। हालांकि, लंबे समय तक राशि का भुगतान नहीं होने से उन्हें बार-बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।

लगातार परेशानी के बाद चंचला पटेल ने बैंक शाखा प्रबंधक के साथ ही एसबीआई भोपाल, भारतीय रिजर्व बैंक रायपुर और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए बैंक प्रबंधन ने दस्तावेजों की जांच कर क्लेम प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।

एसबीआई सरिया के फील्ड ऑफिसर अंकित चौहान राजपूत ने बताया कि नामिनी अपडेट में कुछ त्रुटि होने के कारण बीमा क्लेम का भुगतान अटक गया था। दस्तावेजों में जरूरी सुधार कराने के बाद अब दिवंगत जय प्रकाश पटेल की माता चंचला पटेल को 2,00,425 रुपये की बीमा राशि का भुगतान कर दिया गया है।

एक साल के लंबे इंतजार के बाद बीमा राशि मिलने से वृद्ध मां को बड़ी राहत मिली है। राशि प्राप्त होने पर उन्होंने बैंक प्रबंधन का आभार जताया। वहीं, यह मामला प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़े खाताधारकों और उनके परिवारों के लिए भी यह संदेश देता है कि बीमा क्लेम के लिए बैंक रिकॉर्ड में नामिनी और अन्य जरूरी दस्तावेज सही और अपडेट रखना बेहद जरूरी है।

Scroll to Top