एक शाम राखी के नाम : लायंस क्लब प्राइड की बहनों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को बांधा रक्षा सूत्र, पुलिस ने बहनों की सुरक्षा का लिया संकल्प..

शेयर करें...

रायगढ़// रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर रायगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम में आज स्नेह, सम्मान और विश्वास से सराबोर कार्यक्रम “एक शाम राखी के नाम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लायंस क्लब प्राइड की बहनों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत किया। इस आत्मीय अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी सुरक्षा और सम्मान के प्रति सदैव तत्पर रहने का संकल्प व्यक्त किया।

Join WhatsApp Group Click Here

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, एडिशनल एसपी ट्रैफिक पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एस.एन. सिंह तथा पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। लायंस क्लब प्राइड की बहनों द्वारा पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधने का दृश्य भावुक और आत्मीय रहा। पुलिस परिवार ने भी बहनों का सम्मान करते हुए इस रिश्ते को केवल एक पर्व तक सीमित न रखते हुए समाज में सुरक्षा, विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता – एसएसपी

इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस की सबसे पहली प्राथमिकता महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का यह पर्व हमें सुरक्षा और विश्वास के उस रिश्ते की याद दिलाता है, जिसे पुलिस हर परिस्थिति में निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं और बच्चों को उनकी समस्याओं के समाधान तथा आवश्यक मार्गदर्शन के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा “हैलो सिस्टर” हेल्पलाइन नंबर 94792705 जारी किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत अथवा मार्गदर्शन के लिए महिलाएं और बच्चे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन पर प्राप्त कॉल एवं शिकायतों की जांच महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाती है, ताकि पीड़ितों को संवेदनशीलता के साथ सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

एसएसपी सिंह ने कहा कि रायगढ़ की संस्कृति और यहां के लोगों का अपनापन वास्तव में प्रभावित करने वाला है। जिले की जनता का प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस के साथ बेहतर तालमेल और जुड़ाव है। पुलिस प्रशासन द्वारा किए जाने वाले विभिन्न जनहित के कार्यों में जिलेवासी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि जब जनता इस तरह की पवित्र भावना और विश्वास के साथ पुलिस के कार्यों में सहयोग करती है, तो पुलिस विभाग को और बेहतर कार्य करने की ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रायगढ़ पुलिस आने वाले दिनों में भी “सेवा, सुरक्षा और समर्पण” की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का और बेहतर ढंग से निर्वहन करेगी। उन्होंने रायगढ़ जिलेवासियों को आश्वस्त किया कि रायगढ़ पुलिस जनता की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

लायंस क्लब प्राइड की बहनों ने पुलिस भाइयों को बांधी राखी

कार्यक्रम में डॉ. सविता साव, प्रेसिडेंट लायंस क्लब प्राइड, मनीषा वर्मा (कोषाध्यक्ष), आशा बेरीवाल, चंपा अग्रवाल, शिखा खजांची, डॉ. प्रियंका सक्सेना, रानू पटेल, भावना पुलस्तिया, रितु तायल, मंजू डालमिया, निर्मला बेरीवाल, तान्या साव, दीपिका साव एवं चरंजीत घई ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को रक्षा सूत्र बांधा। “एक शाम राखी के नाम” कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को एक नई भावनात्मक गरिमा प्रदान की। राखी के इस पवित्र धागे में जहां बहनों का स्नेह और विश्वास था, वहीं पुलिस भाइयों के संकल्प में सुरक्षा, सम्मान और सेवा की भावना दिखाई दी। यह आयोजन पुलिस और आमजन के बीच मजबूत होते आत्मीय संबंधों का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।

Scroll to Top