शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बढ़ते साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन बैंकिंग ठगी को देखते हुए सरिया पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक की सरिया शाखा में जन-जागरूकता अभियान चलाया। प्रदेशभर में चल रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में बैंक के ग्राहकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को साइबर ठगी से बचने के जरूरी उपाय बताए गए।

अभियान के दौरान थाना प्रभारी एन.एल. राठिया ने लोगों को साइबर ठगों के नए-नए तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। खासकर ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन और इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड किसी को भी न बताएं। उन्होंने समझाया कि बैंक कभी भी फोन या मैसेज के जरिए इस तरह की गोपनीय जानकारी नहीं मांगता।
पुलिस टीम ने लोगों को फर्जी केवाईसी अपडेट कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी मैसेज और अनजान क्यूआर कोड से भी सावधान रहने की अपील की। पुलिस ने बताया कि साइबर ठग कई बार बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी या किसी दूसरी संस्था का कर्मचारी बनकर लोगों को फोन करते हैं और डर या लालच देकर बैंकिंग जानकारी हासिल कर लेते हैं। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में आकर जल्दबाजी में पैसे ट्रांसफर नहीं करने चाहिए।
कार्यक्रम में साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो वह बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करे या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं कराए। साथ ही संबंधित बैंक को तत्काल जानकारी देकर खाते या कार्ड को सुरक्षित कराने की सलाह दी गई।
सरिया पुलिस की इस पहल की बैंक प्रबंधन और ग्राहकों ने सराहना की। थाना प्रभारी ने कहा कि साइबर अपराध से बचने का सबसे बड़ा तरीका जागरूकता और सावधानी है। इस अवसर पर प्रशिक्षु एसआई गजेंद्र चंद्राकर, पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक आदित्य साहू, बैंक कर्मचारी, खाताधारक और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि आम लोगों को साइबर अपराध से जागरूक करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।



You must be logged in to post a comment.