अवैध गांजा परिवहन पर डोंगरीपाली पुलिस की कार्यवाही, 4 किलो 14 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में डोंगरीपाली पुलिस ने 4 किलो 14 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बिरनीपाली बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की तैयारी में खड़ा है। सूचना मिलते ही डोंगरीपाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

चार पैकेट में मिला गांजा

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से चार पैकेटों में कुल 4 किलो 14 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजा जब्त करने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने मामले में थाना डोंगरीपाली में अपराध क्रमांक 38/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले में गांजा, शराब सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यवादी साहू, सहायक उपनिरीक्षक कुंवर टोप्पो, छोटेलाल सिदार, प्रधान आरक्षक रामदयाल, गजानंद पटेल, आरक्षक सुदर्शन राणा, किरण यादव सहित डोंगरीपाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top