शेयर करें...
रायगढ़// सहायक शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन द्वारा 22 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक “सेवा सुरक्षा न्याय पदयात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। पदयात्रा के जरिए सेवा सुरक्षा, वेतन विसंगति दूर करने और TET की अनिवार्यता समाप्त करने सहित अन्य मांगों को शासन तक पहुंचाने की तैयारी है। इसी कड़ी में फेडरेशन पुसौर के ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश्वर सिदार ने विकासखंड पुसौर के सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों से पदयात्रा में सक्रिय रूप से शामिल होने की अपील की है।
शिक्षकों की एकता पर दिया जोर
भुवनेश्वर सिदार ने कहा कि शिक्षकों की ये मांगें केवल किसी एक व्यक्ति से जुड़ी हुई नहीं हैं, बल्कि प्रदेश के हजारों शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और भविष्य से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि मांगों को मजबूती से शासन तक पहुंचाने के लिए सभी शिक्षकों का एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने शिक्षक साथियों से 22 अगस्त को ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित पदयात्रा और ज्ञापन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। इसके अलावा आगामी जिला स्तरीय कार्यक्रमों और संगठन द्वारा तय अन्य गतिविधियों में भी सहभागिता करने का आग्रह किया गया है।
शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा संघर्ष
फेडरेशन अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों की न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की एकजुटता ही आंदोलन को मजबूती देगी। उन्होंने शिक्षक साथियों से अपील करते हुए कहा कि अपने अधिकार और सम्मान के लिए सभी एकजुट होकर “सेवा सुरक्षा न्याय पदयात्रा” को सफल बनाएं।



