शेयर करें...
मुंगेली// सरगांव नगर पंचायत में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के शिल्पकार भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसियों ने किया नमन युवाओं और तकनीकी विकास में योगदान को राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों एवं आदर्शों को सम्मान करते हुए देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए
पिछड़ा वर्ग विभाग के उपाध्यक्ष दिलीप कौशिक ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने का दूरदर्शी सपना देखा था उन्होंने सूचना एवं प्रौद्योगिकी, संचार, शिक्षा और पंचायती राज व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ देश के विकास की मजबूत नींव रखने का काम किया। आज भारत तकनीकी क्षेत्र में विश्वभर में अपनी पहचान बना रहा है, जिसमें राजीव गांधी की दूरदृष्टि और आधुनिक सोच का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
पार्षद कृष्णा साहू ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत मानते हुए उन्हें आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ने का सपना देखा था। उनका पूरा जीवन देश की एकता, अखंडता, विकास और प्रगति के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को राजीव गांधी के विचारों और उनके आधुनिक भारत के सपने से प्रेरणा लेकर देश एवं समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और देशहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान घसिया घृतलहरे, स्माइल मेमन, शिव घृतलहरे, मुकेश साहू, टीकाराम यादव, पंचु यादव, माधव यादव सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


