विवादों के समाधान के लिए रायगढ़ में शुरू हुआ ‘मध्यस्थता फॉर नेशन 3.0’ अभियान, विधिक सेवा प्राधिकरण की अभियान से जुड़ने की अपील..

शेयर करें...

रायगढ़// लोगों के बीच चल रहे विवादों को बातचीत और आपसी सहमति से सुलझाने के उद्देश्य से देशभर में ‘मध्यस्थता फॉर नेशन 3.0’ अभियान शुरू किया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ ने भी इस अभियान को लेकर लोगों से अधिक से अधिक जुड़ने की अपील की है।

Join WhatsApp Group Click Here

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह अभियान 1 अगस्त 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक चलेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच होने वाले विवादों का मध्यस्थता के माध्यम से जल्दी और कम खर्च में समाधान कराना है।

बातचीत से विवाद सुलझाने पर जोर

मध्यस्थता एक सरल और स्वैच्छिक प्रक्रिया है। इसमें दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया जाता है। इसके लिए प्रशिक्षित मध्यस्थ दोनों पक्षों से चर्चा करते हैं और आपसी सहमति से समाधान तक पहुंचने में मदद करते हैं। इस प्रक्रिया से लोगों का समय और पैसा दोनों बच सकता है। साथ ही लंबे समय तक चलने वाले विवादों को आपसी सहमति से खत्म करने का अवसर भी मिलता है।

इन मामलों को किया जा सकता है शामिल

अभियान के तहत कई तरह के दीवानी और अन्य मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाया जा सकता है। इनमें वैवाहिक विवाद, दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, आपराधिक समझौता योग्य मामले, उपभोक्ता विवाद, कर्ज वसूली, संपत्ति विवाद, व्यवसायिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, संपत्ति बंटवारा, बेदखली, भूमि अधिग्रहण और श्रम विवाद सहित अन्य मामले शामिल हैं, जिनमें समझौते की संभावना हो।

लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे आपसी विवादों को लंबा खींचने के बजाय मध्यस्थता के माध्यम से समाधान का प्रयास करें। इसके लिए संबंधित तालुका विधिक सेवा समिति से संपर्क किया जा सकता है। प्राधिकरण ने सारंगढ़, धरमजयगढ़, खरसिया, घरघोड़ा, धर्मजयगढ़, भटगांव और बिलाईगढ़ की तालुका विधिक सेवा समितियों से भी अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया है। इस अभियान का उद्देश्य न्याय व्यवस्था पर बोझ कम करने के साथ लोगों को आपसी बातचीत, सहमति और शांतिपूर्ण तरीके से विवाद सुलझाने का रास्ता उपलब्ध कराना है।

Scroll to Top