कपरतुंगा बैरियर के पास 25 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी कनकबीरा पुलिस ने ग्राम कपरतुंगा बैरियर के पास कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को चौकी कनकबीरा की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि छीछपानी और भालूपानी जंगल की ओर से दो व्यक्ति कच्ची महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कपरतुंगा बैरियर के पास घेराबंदी की। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में एक प्लास्टिक बोरी के अंदर दो पॉलिथीन में शराब मिली। इनमें एक में 10 लीटर और दूसरी में 15 लीटर, कुल 25 लीटर कच्ची महुआ शराब थी।

पुलिस ने शराब को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) और 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार साहू (32), निवासी टीटहीपाली और सुरेश सारथी (56), निवासी कपरतुंगा के रूप में हुई है। दोनों को 18 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हीराधर नाग, आरक्षक कुंजबिहारी निराला, पोशेंद्र कुर्रे, जगजीवन खूंटे, जीतराम यादव सहित चौकी कनकबीरा के पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। पुलिस ने अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।

Scroll to Top