शेयर करें...
मुंगेली//सरगांव नगर पंचायत सरगांव में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में मनाया गया। नगर पंचायत परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष परमानन्द साहू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत परिवार एवं नागरिकों ने तिरंगे को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया और उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों तथा देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
रानी अवंति बाई लोधी के बलिदान को किया नमन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत के समीपस्थ उद्यान में वीरांगना रानी अवंति बाई लोधी की प्रतिमा के समक्ष भी ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान उनके साहस, शौर्य और मातृभूमि के लिए दिए गए बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए वीरांगनाओं और स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
अध्यक्ष परमानन्द साहू ने कहा—देश की एकता और अखंडता हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी
नगर पंचायत अध्यक्ष परमानन्द साहू ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीरों को याद करने का दिन है, जिनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने कहा, “हम सभी को स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। देश की एकता, अखंडता और विकास में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें अपने नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के साथ-साथ समाज में भाईचारा, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।”
उन्होंने विशेष रूप से नगर पंचायत के कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सरगांव को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
समारोह में सीएमओ घनश्याम शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष परमानन्द साहू, पोषण यादव, रामजुड़ावन साहू, उपाध्यक्ष पूजा कमल कौशिक, पार्षद कृष्णा साहू, राकेश साहू, महेश साहू, सविता कौशिक, राधेश्याम , सुषमा पोषण यादव, परविंदर खालसा, जमुना पांडे, एजाज खान, सुनीता पवन साहू, मनोज यादव, एल्डरमैन पंकज वर्मा, गोपाल जुनेजा, राजकुमार साहू, कमल अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, शिव पांडे, उदित साहू, गोपाल अग्रवाल, दुर्गेश वर्मा, ब्रजेश शर्मा, कन्हैया पांडे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, स्वच्छता दीदियां, नगर पंचायत परिवार एवं प्रेस क्लब सरगांव के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं देश की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना के साथ हुआ।



You must be logged in to post a comment.