शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर साल्हेओना क्षेत्र में किसानों ने अनोखे अंदाज में देशभक्ति का परिचय दिया। आंचलिक किसान संघ साल्हेओना के नेतृत्व में साल्हेओना और बरगांव सोसायटी से जुड़े किसानों ने 31 ट्रैक्टरों के साथ भव्य तिरंगा ट्रैक्टर रैली निकाली। ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर निकले किसानों ने पूरे क्षेत्र में आजादी और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा ट्रैक्टर रैली की शुरुआत साल्हेओना सोसायटी से हुई। इसके बाद रैली धोबनीपाली, बरगांव और मानिकपुर होते हुए राधामाधव मंदिर विश्वासपुर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ रैली में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और ट्रैक्टरों पर लहराते राष्ट्रीय ध्वज ने पूरे मार्ग को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
किसानों में दिखा खासा उत्साह
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित इस रैली को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्र में किसानों द्वारा इस तरह की तिरंगा यात्रा निकालना लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहा। जगह-जगह लोगों ने रैली को देखा और किसानों के इस प्रयास की सराहना की। किसानों ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए किसानों ने राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और सम्मान का संदेश दिया।
किसान संगठन के बैनर तले जुटे किसान
आंचलिक किसान संघ साल्हेओना के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में साल्हेओना और बरगांव सोसायटी क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए। किसानों ने एकजुट होकर स्वतंत्रता दिवस मनाया और आपसी एकता का भी संदेश दिया।
रैली में युवराज चौधरी, उग्रसेन साहू, अगनू पटेल, भुवन विजय मालाकार, गुलशन, करुणा सागर, सुभाष पटेल, मोहन पटेल, अजय पटेल, रोशन पटेल, रामकुमार पटेल, पदुम, नवसागर, सतपीर पटेल, संदीप पटेल, जगतराम पटेल, रविचंद पटेल, रघुनाथ पटेल, यश पटेल, मदन पटेल, शिव पटेल, संजय पटेल, महेंद्र पटेल, टीकाराम चौधरी, लोचन पटेल, गांधी गौटिया, हितेश मालाकार, अनिल मालाकार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। रैली के सफल आयोजन के बाद किसानों में उत्साह देखने को मिला। ट्रैक्टरों पर लहराते तिरंगे के साथ निकली यह यात्रा स्वतंत्रता दिवस पर ग्रामीण अंचल में देशभक्ति और किसान एकता का खास संदेश दे गई।



You must be logged in to post a comment.