सरिया में चोरों ने फिर मंदिर को बनाया निशाना, खजूरिया तालाब स्थित शिव मंदिर में की चोरी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया नगर में मंदिरों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ ही दिनों के भीतर ही इसी मंदिर में चोरी की दूसरी घटना सामने आने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने खजूरिया तालाब स्थित शिव मंदिर का चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मंदिर परिसर में स्थापित भगवान राम एवं हनुमान मंदिर से घंटा, पूजा-पाठ में उपयोग होने वाले बर्तन और अन्य सामग्री चोरी कर ले गए।

Join WhatsApp Group Click Here

सुबह पुजारी पहुंचे तो टूटा मिला ताला

मंदिर के पुजारी श्याम दास ने बताया कि सोमवार रात करीब 7-8 बजे पूजा-पाठ करने के बाद वे मंदिर बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जब वे मंदिर पहुंचे तो चैनल गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर भगवान राम और हनुमान मंदिर में रखे घंटा, थाली, पूजा के बर्तन और अन्य सामग्री गायब मिली। पुजारी के मुताबिक कुछ दिन पहले भी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। उस घटना के बाद श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर के लिए दोबारा जरूरी सामग्री जुटाई गई थी। सुरक्षा की दृष्टि से कुछ सामान को सुरक्षित स्थान पर रखा गया था, लेकिन इसके बावजूद चोरों ने दोबारा मंदिर को निशाना बना दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुजारी ने सरिया थाने में इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी नंदलाल राठिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर समिति और स्थानीय लोगों से जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने चोरों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अरुण सराफ और पार्षद मोतीलाल स्वर्णकार सहित अन्य लोग भी मंदिर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पुलिस थाना के सामने रामचंडी मंदिर भी हो चुका है निशाना

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरिया में मंदिरों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। खजूरिया तालाब स्थित शिव मंदिर में पहले भी चोरी हो चुकी है। वहीं पुलिस थाना के सामने स्थित रामचंडी मंदिर में भी चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार मंदिरों में चोरी होने के बावजूद अब तक इन घटनाओं में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

मंदिरों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस को गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है। खासकर ऐसे मंदिर जहां पहले चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, वहां रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस मंदिर में चोरी करने वाले आरोपियों तक कब पहुंचती है और लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर किस तरह रोक लगाई जाती है।

Scroll to Top